राज्याभिषेक: सक्ती रियासत के नए राजा बने धर्मेंद्र सिंह, राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह के जन्मदिन पर हुई ताजपोशी, रानी गीता राणा क्यों हैं विरोध में, यहां पढ़ें

Update: 2021-10-19 11:27 GMT
राज्याभिषेक: सक्ती रियासत के नए राजा बने धर्मेंद्र सिंह, राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह के जन्मदिन पर हुई ताजपोशी, रानी गीता राणा क्यों हैं विरोध में, यहां पढ़ें
  • whatsapp icon

रायपुर, 19 अक्टूबर 2021। छत्तीसगढ़ के अंतर्गत सक्ती रियासत के नए राजा धर्मेंद्र सिंह होंगे। 30 साल के धर्मेंद्र सिंह राजगद्दी संभालेंगे। राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह के 79वें जन्मदिवस के मौके पर 19 अक्टूबर को नए राजा का राज्याभिषेक किया गया। इससे पहले सुरेंद्र बहादुर सिंह ने 1960 में महज 18 साल की उम्र में राजगद्दी संभाली थी। उनका विवाह नेपाल की गीता राणा सिंह से हुआ था। हालांकि राजा और रानी की कोई संतान नहीं होने के कारण राजा सुरेंद्र बहादुर ने धर्मेंद्र को पुत्र की तरह पाला और उन्हें गोद ले लिया। इसके लिए बाकायदा उन्होंने कानूनी औपचारिकताएं पूरी की हैं। हालांकि रानी ने गोद लेने की प्रक्रिया को मंजूरी नहीं दी। यही वजह है कि राज्याभिषेक का उन्होंने विरोध किया है। उन्होंने अखबारों में विज्ञापन देकर राज्याभिषेक समारोह में शामिल नहीं होने की अपील की है। उनका कहना है कि महल में काम करने वाले स्व धनेश्वर गोड़ के बेटे धर्मेंद्र सिंह को छलपूर्वक और गैरकानूनी तरीके से दत्तक पुत्र के रूप में प्रचारित कर रहे हैं, जबकि वे धर्मेंद्र सिंह को पुत्र नहीं मानते। उनकी याचिका पर अदालत ने राज्याभिषेक पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। हालांकि राजा द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को राज्याभिषेक संपन्न हुआ। NPG.News से चर्चा में राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह और नवनियुक्त राजा धर्मेंद्र सिंह ने पुष्टि की है। गौरतलब है कि धर्मेंद्र सिंह वर्तमान में जनपद पंचायत सक्ती के सदस्य हैं। साथ ही जांजगीर-चांपा जिले में युवा आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष के रूप में भी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस की राजनीति में भी धर्मेंद्र सिंह छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस में सह सचिव के पद पर पदस्थ हैं|

सक्ती राजा ने दिया निमंत्रण

' 108 श्री महामाया देवी की कृपा से यह शुभ अवसर आया है कि देव पुरुष हरि गुजर के वंशज स्व.चित्रभान सिंह के सुपुत्र स्व. राजा बहादुर लीलाधर सिंह रुलिंग चीफ शक्ति स्टेट, उप नेता विपक्ष के सुपुत्र स्व. युवराज जिवेंद्र बहादुर सिंह के सुपुत्र राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह एवं महाराज कुमार स्व. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह मैं राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह अपने दत्तक पुत्र धर्मेंद्र सिंह को दिनांक 19 अक्टूबर 2021 दिन- मंगलवार को तिथि क्वार शुक्ल पक्ष चतुर्दशी समय दोपहर 1:00 बजे अपनी 79वीं वर्षगांठ पर अपने जीवन काल में अपना उत्तराधिकारी घोषित कर राज्य अभिषेक करने का निर्णय लिया हूं।'

Similar News