Vishnudeo Cabinet Reshuffle: विष्णुदेव कैबिनेट पहला विस्तार, राजभवन में कल सुबह 10.30 बजे शपथ ग्रहण, जानिये कौन तीन विधायक बनेंगे मंत्री...

Vishnudeo Cabinet Reshuffle: छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय कैबिनेट के प्रथम विस्तार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। कल सुबह 10.30 बजे तक के बीच शपथ ग्रहण आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शपथ लेने वाले तीनों विधायकों को बुलाकर कल शाम औपचारिक बधाई दे दी।

Update: 2025-08-19 06:26 GMT

Vishnudeo Cabinet Reshuffle: रायपुर। 72 घंटे के जद्दोजहद के बाद आखिरकार विष्णुदेव मंत्रिमंडल का विस्तार फायनल स्थिति में पहुंच गया है। कल 20 अगस्त को सुबह 10.30 बजे के बीच राजभवन में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।

शपथ लेने वाले मंत्रियों में दुर्ग से गजेंद्र यादव, आरंग से खुशवंत साहेब और अंबिकापुर के राजेश अग्रवाल शामिल हैं। यही नाम 16 अगस्त को शाम मुख्यमंत्री की राज्यपाल से मुलाकात के बाद पब्लिक डोमेन में आया था और सब कुछ ठीक रहा तो यही तीनों कल मंत्री पद की शपथ लेंगे। अलबत्ता, सियासी पंडितों का कहना है कि बीजेपी में इस समय कब क्या परिवर्तन हो जाए, कब क्या फैसला लेकर लोगों को चौंका दें, कुछ कहा नहीं जा सकता। बहरहाल, ये तीन नाम फायनल माने जा रहे हैं।

ज्ञातव्य है, विष्णुदेव कैबिनेट का यह पहला विस्तार होगा। 10 दिसंबर 2023 को विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी। दिसंबर 2025 में भी कैबिनेट विस्तार लगभग फायनल हो गया था, मगर ऐन वक्त पर उसे टाल दिया गया। इसी तरह मई 2025 में भी हुआ। अंतिम समय में शपथ ग्रहण को रोक दिया गया।

बता दें, मुख्यमंत्री के शपथ लेने के 21 दिसंबर 2023 को 11 मंत्रियों ने शपथ ली थी। 12 में से एक मंत्री का पद खाली रखा गया था। मगर जून 2024 में सांसद चुने जाने के बाद रायपुर के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद मंत्रिमंडल में दो पद खाली हो गया। पिछले साल हरियाणा में 13 मंत्री बनें तो फिर छत्तीसगढ़ में भी 13 मंत्रियों की मांगे उठी। इसलिए, क्योंकि हरियाणा में भी 90 विधायक हैं और छत्तीसगढ़ में। इसी के बाद छत्तीसगढ़ में भी 13 मंत्री बनाए जाने पर उपर से हरी झंडी मिल गई।

मंत्रिमंडल विस्तार में देरी की वजह संभावित दावेदारों में सहमति न बनना रहा। मंत्री बनने वालों में जिन विधायकों की शुरू से दावेदारी रहीं, उनमें अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत, गजेंद्र यादव, संपत अग्रवाल का नाम शामिल था। खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल का नाम आखिरी टाईम में सामने आया। 16 अगस्त को मुख्यमंत्री राजभवन गए, उसके बाद ये दोनों नाम सोशल मीडिया में चलने लगे। हालांकि, कल गजेंद्र यादव, खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल ने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उनसे पहले गोमती साय भी मुख्यमंत्री से मिलीं।

तीनों विधायकों को बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कल शाम अपने निवास पर शपथ लेने वाले गजेंद्र यादव, खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल को मंत्री बनने के लिए औपचारिक तौर पर बधाई भी दे दी।

Tags:    

Similar News