घोटाला: ट्रक पर फर्जी नंबर लगा कर धान परिवहन, सेटेलाइट से हुआ खुलासा
सरगुजा इलाके में ट्रक पर गलत नंबर प्लेट लगाकर धान का परिवहन करने का अनोखा मामला सामने आया है। दिलचस्प बात यह है कि इसका खुलासा तब हुआ, जब सेटेलाइट से ट्रक की निगरानी की जा रही थी और उस वक्त सेटेलाइट ने इस ट्रक का नंबर गलत बता दिया।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
अंबिकापुर।15 मार्च 2026| सरगुजा संभाग के लखनपुर इलाके में धान के परिवहन में घोटाला करने का मामला सामने आया है। घोटालेबाज ने ट्रक पर गलत नंबर लगा रखा था और उसी से धान लोड कर ले जा रहा था। सेटेलाइट से इसकी सूचना मिली तो इसकी जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि जो नंबर ट्रक पर लगा है, उसी नंबर की दूसरी गाड़ी भी चल रही है। दूसरी गाड़ी का नंबर वैध पाया गया, जबकि ट्रक पर फर्जी नंबर लगाया गया था।
प्रकरण सामने आने के बाद खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह ने लखनपुर पुलिस को लिखित में शिकायत की, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रक मालिक हैप्पी सिंह पिता गुरुमुख सिंह निवासी अंबिकापुर और ट्रक चालक राम मानिकपुरी के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया है। अधिकारी ने एफआईआर में उल्लेख किया है कि सेटलाइट से जांच होने पर छह फरवरी को पता चला कि धान खरीदी केंद्र जमगला में ट्रक मालिक हैप्पी सिंह और वाहन चालक राम मानिकपुरी ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर धान लोड किया है। बताया गया है कि यह ट्रक मारुति राइस मिल भिट्ठी कला के लिए किराया पर लिया गया है।
इसकी विस्तृत जांच की गई तो क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि इस नंबर की दो गाडि़यां चल रही हैं। ट्रक पर अवैध रूप से सीजी 07 बीएस 0366 का नंबर प्लेट लगाया गया था और इसी नंबर पर ट्रक चलाया जा रहा था। ट्रक के परिवहन के बीच ही राज्य के इंटीग्रेटेड कंट्रोल और कमांड सेंटर से अंबिकापुर जिले को अलर्ट मैसेज भेजा गया था। यह मैसेज आने के बाद ही सरगुजा के खाद्य विभाग ने इसकी जांच पड़ताल शुरू की तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ।