Raipur News: रायपुर में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं, यातायात पुलिस का एक्शन, 10 दिनों में ऑडी, BMW समेत 614 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई...

Raipur News: शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। यातायात पुलिस ने 10 दिनों में अभियान चलाकर 614 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।

Update: 2026-03-09 08:50 GMT

Raipur News: रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस इन दिनों एक्टिव मोड़ पर है। शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए लगातार चौक-चैराहों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी तरह रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस ने पिछले 10 दिनों में ऑडी, बीएमडब्ल्यू सवार 614 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

दरअसल, यातायात व प्रोटोकाॅल डीसीपी आईपीएस विकास कुमार ने शहरों में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने व नशेड़ी वाहन चालकों पर लगाम लगाने के निर्देश दिए हैं। रायपुर में साल भर में सड़क दुर्घटनाओं में 600 लोगों की मौत हुई है। इन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण सिर्फ नशे में वाहन चलाना पाया गया। इसी को ध्यान में रखते हुए रायपुर कमिश्नरेट यातायात पुलिस ने पिछले 10 दिनों में अभियान चलाकर 614 नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़ा गया। इस दौरान यातायात निरीक्षक वैभव मिश्रा के साथ कुछ लोगों ने नशे की हालत में विवाद भी किया, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

8 मार्च को थाना तेलीबांधा क्षेत्र में चेकिंग के लिए छह प्वाइंट लगाए गए थे, जिसमें 86 नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़ा गया। इस दौरान ऑडी, बीमएडब्ल्यू जैसे महंगी गाड़ियों पर भी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने आम लोगों से अपील की हैं कि नशे में वाहन ना चलाएं और गाड़ी तेज रफ़्तार से ना दौड़ाए। नशे की हालत में ही सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं होती है, दुर्घटनाओं से सीख लेने की जरूरत है, सड़क पर आवागमन के दौरान खुद को सुरक्षित रखने के लिए नशे की हालत में ना चलाएं।

Tags:    

Similar News