Raipur News: लापरवाही देख भड़क उठे कलेक्टर... कर्मचारी की वेतन वृद्धि रोकने और अस्पताल के सिविल सर्जन को नोटिस...
Raipur News: रायपुर जिले के कलेक्टर डाॅ गौरव सिंह आज अचानक जिला चिकित्सालय पंडरी पहुंचे। इस दौरान कार्य में लापरवाही देख भड़क उठे। कलेक्टर ने तत्काल एक्शन लेते हुए एक कर्मचारी की वेतन वृद्धि और सिविल सर्जन डाॅ को नोटिस जारी किया।
Raipur News: रायपुर। कलेक्टर डाॅ गौरव सिंह ने आज सुबह औचक निरीक्षक पर जिला अस्पताल पंडरी पहुंचे। कलेक्टर को अचानक देख अस्पताल के डाॅक्टरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
दरअसल, कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा हीटवेव की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशानुसार आगामी गर्मी को देखते हुए राहत के लिए बाथ टब एवं बर्फ बनाने की मशीन इंस्टॉल की गई है।
कलेक्टर डॉ सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ बिश्वरंजन ने औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल के रिसेप्शन पर कर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को सही कक्ष, डॉक्टर और जांच केंद्र तक तत्काल मार्गदर्शन मिल सके।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने जिला चिकित्सालय पंडरी स्थित लाइफ स्टाइल क्लिनिक में निशुल्क भोजन करवा रहे समूह से मुलाकात कर उनके इस प्रयास की सराहना की।
समूह के अग्रवाल ने बताया कि स्काई ग्रुप के CSR fund व रोटरी क्लब ऑफ रायपुर द्वारा संयुक्त रूप से हर मंगलवार को मरीजों, उनके परिजनों सहित करीबन 400 लोगों को निशुल्क भोजन वितरित करवाया जाता है।
लापरवाही पर कार्रवाई
जीवनदीप समिति के कर्मचारी सूरज सोनी को कार्य में लापरवाही और निर्देशों की अवहेलना के चलते वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए, साथ ही डॉ सिंह ने सिविल सर्जन को लापरवाही बरतने पर नोटिस भी जारी किया।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने आज ज़िला चिकित्सालय पंडरी में दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर और स्टोर में मौजूद दवाइयों का मिलान किया। उन्होंने expired दवाइयों का सही तरीके से निष्पादन करने के साथ ही सभी आंकड़े रजिस्टर के साथ-साथ कंप्यूटर में भी रिकॉर्ड और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
सफाई न होने पर नाराजगी
कलेक्टर डॉ सिंह ने ई कोर्ट वीडियो कांफ्रेंस कक्ष का निरीक्षण किया और खिड़की टूटी होने और सफाई न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से डॉक्टरों के कोर्ट अपीयरेंस को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से करवाने के निर्देश दिए। डॉ सिंह ने स्टोर रूम का भी निरीक्षण किया और मौजूद सभी सामान एवं उपकरणों का प्रॉपर रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए।
डॉ गौरव सिंह ने आज जिला चिकित्सालय पहुंचकर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। आईसीयू में भर्ती कुशालपुर निवासी नंदिता की माता राजनंदिनी ने कलेक्टर को बताया कि नंदिता का उपचार जारी है और उनकी तबियत पहले से बेहतर है।
डॉ. सिंह दीर्घायु वार्ड में भर्ती मनीष, उनकी माता निर्मला बघेल तथा तुषार और उनकी माता निशा मानिकपुरी से भी मिले। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य की स्थिति और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
अस्पताल परिसर में संचालित योगिता टी स्टॉल में अवैध सामग्री पाए जाने पर कलेक्टर ने दुकान पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही दुकान संचालक को सख्त हिदायत दी कि दोबारा गुटखा पाउच आदि पाए जाने पर दुकान को सील कर दिया जाएगा।