रायपुर में 'ब्लैक आउट' प्रोटेस्ट: PM मोदी और उनकी मां के अपमान पर भड़कीं भाजपा, कल महिला मोर्चा करेंगी बड़ा प्रदर्शन
रायपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवगंत मां के खिलाफ बिहार के दरभंगा में की गई अमर्यादित टिप्पणी को...
रायपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवगंत मां के खिलाफ बिहार के दरभंगा में की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर देश भर में गुस्सा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कल, 2 सितंबर को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी की जा रही है। इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से महिला कार्यकर्ता शामिल होंगी।
काली साड़ी पहनकर जताया जाएगा विरोध
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने बताया कि, प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ ऐसी अपमानजनक टिप्पणी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जा सकती। इसी के विरोध में कल दोपहर 1 बजे बीटीआई ग्राउंड से एक विशाल रैली निकाली जाएगी। इस रैली में हिस्सा लेने वाली महिलाएं काली साड़ी, दुपट्टा या कोई काला सिंबल पहनकर अपना विरोध दर्ज कराएंगी।
"कांग्रेस ने लांघी मर्यादा की सारी हदें"
विभा अवस्थी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि, गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के समय से ही गांधी परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नफरत फैलाने का काम किया है, लेकिन इस बार कांग्रेसियों ने सारी मर्यादाएं लांघ दी हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मातृ-शक्ति का अपमान करना कांग्रेस की पहचान बन गया है, और यह देश अब इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बिहार के दरभंगा में एक 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान कांग्रेस और आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी स्वर्गीय मां के लिए बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह सब पहले से तय था। कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद के मंच से प्रधानमंत्री और उनकी मां को गाली देने का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे वायरल करने की योजना बनाई गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और मुख्य आरोपी मोहम्मद नौशाद की तलाश कर रही है, जिसके दिल्ली में होने की खबर है। भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने इस मामले में पुलिस में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है।