CG Naxalite News: मुखबिरी की शक में नक्सलियों ने पिछले 1 साल में कर दी 64 लोगों की ली जान, गृहमंत्री ने सदन में दी जानकारी...
CG Naxalite News: पुलिस का मुखबिर बताकर पिछले 1 साल में नक्सलियों ने 64 आम नागरिकों की हत्या की है। आज विधानसभा में गृह मंत्री ने इसकी जानकारी दी है।
CG Naxalite News
CG Naxalite News: रायपुर। माओवाद प्रभावित जिलों में आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की हत्या के मामले में आज गृहमंत्री ने विधानसभा में जानकारी दी। कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश के द्वारा माओवाद प्रभावित जिलों में आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की हत्या के संबंध में प्रश्न पूछा गया था। जिसके जवाब में गृह मंत्री ने बताया है कि पिछले 1 साल में माओवाद प्रभावित जिलों में माओवादियों के द्वारा पुलिस मुखबिरी के शक में 64 नागरिकों की हत्या की हैं।
विधायक शेषराज हरवंश ने पूछा था कि क्या उप मुख्यमंत्री (गृह) महोदय यह बताने की कृपा करेंगे कि:- (क) 1 जनवरी, 2024 से 1, फरवरी 2025 तक प्रदेश के माओवाद प्रभावित जिलों में माओवादियों द्वारा मुखबिरी के शक में कितने ग्रामीणों, व्यवसायियों एवं जन प्रतिनिधियों की हत्या की गई है? जानकारी माहवार, मृतकों के नाम, पता सहित देवें? (ख) मृतक परिवारों के आश्रितों को शासन द्वारा कितनी सहायता एवं अन्य सुविधाएं दी गई हैं? सम्पूर्ण विवरण देवें? (ग) प्रश्नांश 'क' के अनुसार मृतकों अथवा मृतकों के परिजनों द्वारा अपने जान की सुरक्षा हेतु पुलिस को सूचित करने की कार्यवाही कितने दिन पूर्व की गई थी? उसके पश्चात् पुलिस विभाग द्वारा मृतक एवं उसके परिजनों को क्या संरक्षण अथवा मदद की गयी? सम्पूर्ण जानकारी बतावें।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लिखित जवाब में बताया कि प्रश्नाधीन अवधि तक प्रदेश में माओवादियों द्वारा पुलिस मुखबिरी के शक में कुल 64 आम नागरिकों की हत्या कर उन पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया है। इन मृतकों में 60 ग्रामीण, 03 जनप्रतिनिधि एवं 01 व्यवसायी शामिल है। इसके अतिरिक्त अन्य कारणों से माओवादियों द्वारा अन्य 10 आम नागरिकों की हत्या की गई है। मृतक अथवा मृतको के परिजनों द्वारा अपने जान की सुरक्षा हेतु घटना के पूर्व पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी।