गुरु पूर्णिमा पर अघोर गुरुपीठ और सत्यनारायण बाबा धाम कोसमनारा में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की
गुरू पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अघोर गुरूपीठ और सत्यनाराण बाबा धाम कोसमनारा के दर्शन किये। साथ ही प्रदेश की सुख, समृद्धि की कामना की।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ में गुरु दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने गुरु पीठ आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने आश्रम में अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम के दर्शन भी किए और मार्गदर्शन प्राप्त किया ।
अघोर गुरु पीठ में गुरु दर्शन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का दिन श्रद्धा, आस्था और मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। कोसमनारा स्थित यह धाम लोगों की आस्था का केंद्र है और यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण के मार्ग पर गुरुजनों के आशीर्वाद और जनआशीर्वाद के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर जीवर्धन चौहान भी उपस्थित थे।