DSP Tomesh Verma: दुष्कर्म और DSP! डीएसपी पर चाकू से डॉक्टर की पत्नी ने किया हमला, 2024 में डीएसपी के खिलाफ दर्ज हुआ था दुष्कर्म का केस

DSP Tomesh Verma: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में डीएसपी तोमेश वर्मा पर चाकू से हमला करने वाली महिला को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। आरोपी महिला ने पूर्व में डीएसपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। हालांकि, कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुये डीएसपी को दोषमुक्त कर दिया था। मगर इससे वे खुश नहीं थी। पुलिस अफसर आज की वारदात को इस घटना से जोड़कर देख रहे हैं।

Update: 2025-12-19 12:24 GMT

DSP Tomesh Verma: रायपुर, दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में डीएसपी तोमेश वर्मा पर आज दोपहर महिला ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। महिला के साथ एक युवक भी था। दोनों ने डीएसपी को जमीन पर गिराकर गला रेतने का प्रयास किया। डीएसपी को गंभीर हालत में दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डीएसपी तोमेश वर्मा सुकमा में पोस्टेड हैं और किसी केस की पेशी के सिलसिले में दंतेवाड़ा कोर्ट आए थे।

घटना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। जिस महिला ने डीएसपी पर हमला किया, वह दुर्ग के एक डॉक्टर की पत्नी हैं। उन्होंने पिछले साल डीएसपी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। महिला की शिकायत के बाद मामला कोर्ट पहुंचा और इस साल कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुये डीएसपी को दोषमुक्त कर दिया था। वर्तमान में डीएसपी सुकमा जिले में पदस्थ हैं और आज जिला न्यायालय दंतेवाड़ा आए हुए थे। इसी दौरान दंतेवाड़ा के बाजार क्षेत्र में युवक व एक महिला द्वारा अचानक चाकू से डीएसपी तोमेश वर्मा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

जानिए डीएसपी पर क्या था आरोप

डीएसपी के खिलाफ 2024 में दुर्ग के मोहन नगर थाने में डॉक्टर की पत्नी ने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला की शिकायत के मुताबिक जुलाई 2020 में प्लॉट खरीदने के नाम पर डीएसपी तोमेश वर्मा अपने परिवार के साथ दुर्ग आया था। इस दौरान वो अपने परिवार के साथ पीड़िता के घर में रूका था। इस बीच महिला को देखकर आरोपी डीएसपी की नीयत बिगड़ गई।

दुर्ग पुलिस में महिला द्वारा शिकायत के अनुसार...अगस्त 2024 में डीएसपी उसके घर आया और पति व उसके बच्चे को पूछने लगा। पति किसी काम से बाहर गए थे और घर पर कोई नहीं था। महिला द्वारा घर में कोई नहीं है कहने पर आरोपी जबरन अंदर घुस गया और महिला से दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट कर, डरा धमकाकर जबरन दुष्कर्म किया।

शिकायत के अनुसार दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद डीएसपी फरार हो गया। वारदात के बाद महिला डर गई और पति के आने पर घटना की जानकारी दी। पति बदनामी के डर से कुछ दिनों तक चुप रहे। वहीं घटना के बाद महिला डरी-सहमें रहने लगी थी। पत्नी की हालत देख किसी तरह पति ने हिम्मत जुटाई और इसकी शिकायत मोहन नगर थाने में दर्ज कराई थी। जिसमें सितंबर 2025 में डीएसपी को कोर्ट से दोषमुक्ति मिली।

एनपीजी न्यूज से बात करते हुए दंतेवाड़ा के सीनियर पुलिस अधिकारियों ने यह मानने से इंकार नहीं किया कि दुष्कर्म की घटना में डीएसपी के दोषमुक्त होने पर महिला ने बदले की भावना से हमला किया होगा। चूकि दुष्कर्म की घटना का कनेक्शन है, इसलिए पुलिस ने अपने प्रेस नोट में आरोपी महिला का नाम उजागर नहीं किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डीएसपी पर हमले की जांच चल रही है, जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही कि आरोपी महिला के जो युवक था, उससे उसका क्या संबंध हैं।

Tags:    

Similar News