बजट सत्र 2026: जेलों में क्षमता से अधिक कैदी, कस्टोडियल डेथ से लेकर साइबर फ्राड, म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी और प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों के संचालन में उठेगा मनमानी का मुद्दा
CG Vidhansabha Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ की जेलों में क्षमता से अधिक कैदी, कस्टोडियल डेथ, साइबर फ्रॉड, म्यूल अकाउंट के लिए ठगी से लेकर छत्तीसगढ़ के प्राइवेट कॉलेजों के संचालन में बरती जा रही गड़बड़ी और संचालकों की मनमानी का मुद्दा छाया रहेगा। विभागीय मंत्रियों को सवालों के जरिए विधायक घेरने की कोशिश करते दिखाई देंगे।
npg.news
रायपुर 26 फरवरी 2026, छत्तीसगढ़ की जेलों में क्षमता से अधिक कैदी, कस्टोडियल डेथ, साइबर फ्रॉड, म्यूल अकाउंट के लिए ठगी से लेकर छत्तीसगढ़ के प्राइवेट कॉलेजों के संचालन में बरती जा रही गड़बड़ी और संचालकों की मनमानी का मुद्दा छाया रहेगा। विभागीय मंत्रियों को सवालों के जरिए विधायक घेरने की कोशिश करते दिखाई देंगे।
प्रश्नकाल के दौरान कुछ इस तरह के सवालों का सामना विभागीय मंत्रियों को करना पड़ेगा। जनवरी, 2025 से 31 जनवरी, 2026 की अवधि में राज्य की केंद्रीय एवं जिला जेलों में कुल कितनी अस्वाभाविक मृत्यु (कस्टोडियल डेथ्स) हुई हैं? क्या इन सभी प्रकरणों में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप न्यायिक जांच पूर्ण कर ली गई है? राज्य की जेलों की वर्तमान क्षमता के विरुद्ध कैदियों की संख्या 150% से अधिक होने का क्या कारण है? क्या पिछले एक वर्ष (जनवरी, 2025 से 31.01.2026 तक) में राज्य में हत्या, लूट और फिरौती जैसे जघन्य अपराधों में 35% की वृद्धि हुई है? राज्य में पिछले 12 महीनों में पुलिस द्वारा पकड़े गए अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करों की सूची दें ?
जर्जर सड़कों का उठेगा मुद्दा
कबीरधाम जिले में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत दिसम्बर, 2023 से जनवरी, 2026 तक कितनी नई एवं पुरानी सड़कों के नवीनीकरण हेतु स्वीकृति मिली है? विधानसभावार एवं ब्लॉकवार जानकारी देवें? इनमें से कितनी सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है? लंबित सड़कों के निर्माण को पूरा करने के लिए विभाग ने क्या कोई समयसीमा निर्धारित की है?
आत्म समर्पित नक्सलियों के पुनर्वास पॉलिसी पर मंत्री देंगे जवाब
छत्तीसगढ़ में नक्सल पुनर्वास नीति क्या है? कितने ईनामी नक्सलियों ने इस नीति के तहत वर्ष 2023-24 से अब तक आत्मसमर्पण किया है? आत्मसमर्पित नक्सलियों पर घोषित ईनाम की राशि का किन-किन को भुगतान किया गया है? वर्षवार, नाम, पता एवं राशि के विवरण सहित बतावें? अब तक घोषित ईनाम की राशि में से कितना भुगतान किया जा चुका है और कितना भुगतान किया जाना शेष है? विवरण सहित जानकारी पृथक-पृथक नाम सहित देवें? आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास पर अब तक कितनी राशि खर्च की गई है? जानकारी वर्षवार बतावें?
प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों का उठेगा मुद्दा
शासकीय गाईडलाईन के विरूद्ध संचालित निजी नर्सिंग कॉलेजों के संचालन के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर जांच/निरीक्षण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन होने की जानकारी दी गई थी? यदि हां तो जनवरी, 2026 तक किन-किन नर्सिंग कॉलेजों पर क्या-क्या कार्यवाही की गई? (ख) प्रश्न 'क' अनुसार गठित जांच/निरीक्षण समिति में कौन-कौन से अधिकारी सम्मिलित हैं? नाम, पद एवं पदस्थापना स्थल अनुसार जानकारी प्रदान करें? प्रश्न 'क' अनुसार क्या इन नर्सिंग कॉलेजों पर मान्यता शर्तों के पालन नहीं किये जाने से इनकी मान्यता निरस्त करने संबंधी कार्यवाही भी प्रक्रियाधीन है? यदि हां तो किन-किन कॉलेजों की नहीं तो क्यों?
साइबर फ्रॉड और राशि वापसी को लेकर पूछे सवाल
(क) जनवरी, 2024 से जून, 2025 तक की अवधि में साईबर अपराध के कुल 1301 आपराधिक प्रकरण दर्ज किये गये थे तथा मात्र 107 पीड़ितों को उनकी राशि वापिस दिलाई गई थी? यदि हां तो शेष 1294 प्रकरणो में पीड़ितों को राशि कब वापस दिलाई जावेगी? आपराधिक प्रकरणो में अब तक कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं? जिन अपराधों में बैंक कर्मियों की भूमिका पाई गई है उसमें उन कर्मियों के खिलाफ क्या कार्यवाही की गई तथा भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो इस हेतु बैकों को क्या सुझाव पुलिस द्वारा दिया गया है?