CG Politics News: स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व मंत्री को बताया फ़िल्म मेकर, मंत्री के बयान में पूर्व मंत्री को लेकर दिखी तल्खी, जानिए क्या है पूरा मामला..
CG Politics News: छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और सीएम की कुर्सी को लेकर एक बार फिर प्रदेश में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के बयान ने पार्टी के भीतर अंतर्विरोध की राजनीति को हवा देने का काम किया है।
CG Politics News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और सीएम की कुर्सी को लेकर एक बार फिर प्रदेश में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। या यूं कहें कि पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर के ऑफर के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के बयान से सियासी हलचल कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। पूर्व मंत्री द्वारा टीएस सिंहदेव को खुला ऑफर ने नायक फ़िल्म की याद ताजी कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के बयान ने पार्टी के भीतर अंतर्विरोध की राजनीति को हवा देने का काम किया है।
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के ऑफर को लेकर स्वास्थ्य जायसवाल मंत्री ने जिस तल्खी के साथ जवाब दिया है, विधानसभा सत्र के दौर की यादें ताज़ी कर दी है। सियासी जानकार उनके ताजा बयान को कुछ इसी नजरिये से देझ रहे हैं। विधानसभा के सत्र के दौरान पूर्व मंत्री चन्द्राकर अपने सवालों से समझौता नहीं करते, सत्र के दौरान की कटुता स्वास्थ्य मंत्री के बयानों से साफ झलक रही है। तभी तो उन्होंने बचाव के बजाय पूर्व मंत्री को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने चन्द्राकर के ऑफर पर पूर्ण विराम लगाते हुए कहा, भाजपा में तो टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री नहीं बन सकते, हां, फ़िल्म में ज़रूर बन सकते हैं। अनिल कपूर ‘नायक’ फ़िल्म में एक दिन के लिए सीएम बने थे। जायसवाल ने पूर्व मंत्री को प्रोड्यूसर डायरेक्टर बताते हुए कहा, हो सकता है अजय चंद्राकर कोई फ़िल्म बना रहे हों और उसी फ़िल्म में एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बनाने की बात कर रहे होंगे। टीएस सिंहदेव के बहाने स्वास्थ्य मंत्री ने अपने ही पार्टी के विधायक को कटघरे में खड़ा कर दिया है। टीएस सिंहदेव और कांग्रेस को घेरने के फेर में चन्द्राकर अब अपनी ही पार्टी में अलग थलग पड़ते दिखाई दे रहे हैं।
ढाई ढाई साल के फार्मूले की होती रही है चर्चा
पिछले विधानसभा चुनाव के बाद जब कांग्रेस की सरकार बनी। तब से यह अटकलें चलती रहीं कि कांग्रेस हाईकमान ने सीएम के लिए ढाई-ढाई साल का फार्मूला तय कर दिया है। पहले ढाई साल भूपेश बघेल और बाद के ढाई साल टीएस सिंहदेव को सीएम बनना था। पर ऐसा नहीं हो पाया।
सिंहदेव ने ये कहा
टीएस सिंहदेव ने बिलासपुर में चर्चा के दौरान कहा था कि कौन नहीं चाहेगा कि वह मुख्यमंत्री बने। उनके इस बयान पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा था कि “हम टीएस सिंहदेव को एक दिन का सीएम बना देंगे। अगर वो चाहें तो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाकर उनकी यह इच्छा हम पूरी कर देंगे। कांग्रेस में तो उनका कुछ होना नहीं है।