CG News: ई—सिगरेट, वेप और चाइनीज चाकू: उत्तर छत्तीसगढ ने चौंकाया,आधुनिक नशा के सौदागरों तक पहुंची पुलिस

CG News: पुलिस ने दो दुकानदारों से बडी मात्रा में नशे के आधुनिक सामानों की जब्ती बनाई है। चौंकाने वाली बात ये कि इन दुकानों में चाइनीज चाकू की बिक्री भी हो रही थी।

Update: 2026-02-07 05:42 GMT

इमेज सोर्स- NPG News

7 February 2026|सरगुजा। शराब,गांजा, ड्रग्स से भी एक कदम आगे, उत्तर छत्तीसगढ में अब युवाओं को पैडलर्स और इसमें शामिल लोग युवाओं को आधुनिक नशे की ओर धकेलने में लगे हैं। पुलिस ने ऐसे ही सामानों की बिक्री करने वाले दो दुकानदारों से बडी मात्रा में नशे के आधुनिक सामानों की जब्ती बनाई है। चौंकाने वाली बात ये कि इन दुकानों में चाइनीज चाकू की बिक्री भी हो रही थी। बहरहाल अंबिकापुर पुलिस ने इन सामानों की जब्ती बनाई है।

55 हजार का प्रतिबंधित ई-सिगरेट और वेप के साथ चाइनीज चाकू, इन सब सामानों की पुलिस ने जब्ती बनाई है। आबकारी,कोतवाली व मणीपुर थाने की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों दुकान से प्रतिबंधित ई-सिगरेट, वेप, फ्लेवर लिक्विड व रिफिल सहित करीब 55 हजार रुपये का नशीला सामान व 40 चाइनीज चाकू मिले हैं।

एडिशन एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि 5 फरवरी को मणीपुर थाना पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली, जिला अस्पताल रोड स्थि​त मणीपुर स्कूल के सामने अमित मोबाइल व गिफ्ट गैलरी का संचालक अमित अग्रवाल प्रतिबंधित ई-सिगरेट व संबंधित सामग्री बेच रहा है। सूचना के तत्काल बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ पर आरोपी अमित अग्रवाल 35 वर्ष पिता सुरेश अग्रवाल निवासी मणीपुर ने कबूल किया कि वह दुकान पर इन सामानों को रखकर युवाओं को बेचता था। संयुक्त टीम ने आरोपी के दुकान से 148 नग फ्लेवर लिक्विड मूल्य 14,100 रुपये, 16 नग वेप, 2 नग इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, 12 नग ब्रेन फ्रीजर फ्लेवर कुल मूल्यः 49,400 रुपये और 40 नग चाइनीज चाकू जब्त किया। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम सक्रिय रही।

डेली नीडस और पान ठेले में हो रही बिक्री

आबकारी उड़नदस्ता टीम सरगुजा व कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि स्कूल रोड पर वाणीदूत एसटीडी पीसीओ के सामने सुशील कुमार केशरी अपने पान ठेले व डेली नीड्स दुकान पर ई-सिगरेट बेच रहा है। छापेमारी में आरोपी सुशील कुमार केशरी 35 वर्ष पिता स्व. प्रेमचंद केशरी निवासी वाणीदूत स्टूडियो के सामने, अंबिकापुर ने स्वीकार किया कि वह दुकान पर ये सामान रखकर बिक्री करता था। दुकान से 24 नग ई-सिगरेट रिफिल प्रत्येक 40 रुपये, कुल 960 रुपये, 10 नग फ्लेवर प्रत्येक 400 रुपये, कुल 4,000 रुपये कुल मूल्यः 4,960 रुपये जब्त किया।

दोनों मामलों में आरोपियों पर ई-सिगरेट (उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, विक्रय, वितरण, भंडारण और विज्ञापन प्रतिषेध अधिनियम 2019) की धारा 7 व 8, बीएनएस धारा 270 व कोटपा एक्ट धारा 6 ख के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। युवाओं को नशे की लत लगाने से लोक स्वास्थ्य पर खतरा होने के कारण दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पूरी की गई।

पुलिस ने जारी किया मोबाइल नंबर

डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने इस तरह के सामानों की बिक्री की जानकारी मिलने पर कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 पर कॉल कर जानकारी देने की अपील आम लोगों से की है। एसएसपी ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों, प्रधानाचार्यों, संचालकों व छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा, ई-सिगरेट व फ्लेवर लिक्विड की लत युवाओं को बर्बाद कर रही है। इनके नुकसानों के बारे में जागरूकता फैलाएं। समाज का सहयोग जरूरी है ताकि प्रतिबंध कानून को सख्ती से लागू किया जा सके।

Tags:    

Similar News