CG News: तकनीकी खराबी से हेलिकॉप्टर नहीं उड़ा, सीएम विष्णुदेव साय सड़क मार्ग से सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए हुए रवाना, देंगे 186 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज सारगंढ़ बिलाईगढ़ में कार्यक्रम है। सुबह के वक्त हेलिकाफ्टर से उनका जाना तय था। हेलिकाफ्टर के बजाय वे सड़क मार्ग से सारंगढ़ के लिए रवाना हुए। उनके साथ संगठन के दो दिग्गज नेता भी हैं।
CG News
CG News:रायपुर। तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार सीएम विष्णुदेव साय को हेलिकाफ्टर से सारगंढ बिलाईगढ़ के लिए रवाना होना था। पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचने के बाद संगठन के दो दिग्गज नेताओं के साथ चौपर में सवार भी हो गए थे। तकनीकी खराबी के चलते चौपर उड़ान ही नहीं भर पाया। सीएम को अपना कार्यक्रम बदलना पड़ा। हवाई मार्ग के बजाय वे सड़क मार्ग से रवाना हुए।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएम विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को हेलिकाफ्टर से सारंगढ़ बिलाईगढ़ के कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके लिए वे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंच गए थे। चौपर में सवार भी हो गए थे। तकनीकी दिक्कतों के चलते चौपर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद सीएम संगठन के दोनों नेताओं के साथ सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल चंदाई के लिए रवाना हुए। तिरंगा यात्रा व नवीन भाजपा कार्यालय भवन का लोकार्पण का कार्यक्रम भी है। बिलाईगढ़ में विकास व निर्माण कार्यों को लोकार्पण के साथ ही एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत पौधारोपण करेंगे।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को देंगे 186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
सीएम साय सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को 186 करोड़ रूपए के विकास एवं निर्माण कार्यो की सौगात देंगे, जिसमें 90 करोड़ की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन तथा 96 करोड़ की लागत से हुए विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
सारंगढ़ कलेक्टोरेट परिसर में 1.85 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 33/11 केव्ही विद्युत उपकेन्द्र, 13.51 करोड़ की लागत से निर्मित चन्द्रपुर सरिया कंचनपुर सड़क मार्ग, 17.48 करोड़ की लागत से बरमकेला से कटंगीपाली सड़क उन्नयन, सारंगढ़ अंचल के 22 ग्रामों में 14.55 करोड़ की लागत से निर्मित कार्यों, 23.92 करोड़ की लागत से बरमकेला के 33 गांव तथा 23.16 करोड़ की लागत से बिलाईगढ़ क्षेत्र के 15 गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित कार्यों का लोकार्पण करेंगे।