CG News: पशु चिकित्सा विभाग में प्रभारवाद का खेला: सीनियर अफसर को साइडलाइन कर जूनियर को प्रभार देने चल रहा खेल

CG News: पशु चिकित्सा विभाग में अपनों को उपकृत करने और प्रभारी उप संचालक बनाने का खेल चल रहा है।

Update: 2026-02-04 07:03 GMT

इमेज सोर्स- NPG News

4 February 2026|रायपुर। पशु चिकित्सा विभाग में अपनों को उपकृत करने और प्रभारी उप संचालक बनाने का खेल चल रहा है। हाल के दिनों में जारी आदेश के बाद यह साफ हो गया है। विभाग के आला अफसर अपनों को रेवड़ी बांटने में गुरेज नहीं कर रहे हैं। पदोन्नति के लिए DPC कराना भूल ही गए हैं। डीपीसी ना होने से सीनियर अफसरों की उपेक्षा कर जूनियर को प्रभार के बहाने कुर्सी सौंप दे रहे हैं।

विभागीय नियमों व दिशा निर्देशों पर नजर डालें तो पशु चिकित्सा विभाग में उप संचालक के पद पर पदोन्नति के केवल पांच प्रतिशत पद है। आंकड़ों पर गौर करें तो मात्र 36 पद पदोन्नति के लिए है। इसमें भी केवल 12 पद पर पूर्णकालिक उप संचालक पदस्थ हैं, शेष सभी जिलों में प्रभारी उप संचालक से कार्य चलाया जा रहा है। प्रभारी उप संचालक बनाए जाने के पीछे अपनो को उपकृत करने की मंशा आला अधिकारियों की साफ झलक रही है। प्रभारी उप संचालक के पद पर सीनियर पशु चिकित्सकों के बजाय जूनियर चिकित्सकों पर विभागीय अफसर ज्यादा भरोसा जता रहे हैं। सीनियर चिकित्सकों का कहना है कि विभाग में बीते चार साल से पदोन्नति के लिए डीपीसी की बैठक नहीं हुई है। इसके चलते दर्जनों वरिष्ठ पशु चिकित्सक बिना पदोन्नति के ही रिटायर हो गए हैं।

इस आदेश को लेकर फिर गहराया असंतोष

30 जनवरी को जारी आदेश में सूरजपुर जिले में प्रभारी उपसंचालक के पद पर डॉक्टर नृपेन्द्र सिंह की नियुक्ति आदेश जारी किया गया है। वरिष्ठता सूची में उनका नाम 69 वें नंबर पर है। 20 से अधिक ऐसे पशु चिकित्साें का नाम सूची में है जो उनसे सीनियर है। बालोद जिले में डॉ डीके.सीहारे को उप संचालक का प्रभार दिया गया है जिनका नाम वरिष्ठता सूची में 197 वें नंबर पर है। तकरीबन 150 पशु चिकित्सकों के नाम सीनियरों की सूची में शामिल हैं।

ये है संचालनालय, पशु चिकित्सा सेवायें का आदेश

छत्तीसगढ़ शासन पशुधन विकास विभाग मंत्रालय के आदेश 19 जनवरी 2026 के परिपालन में अधिवार्षिकी आयु पूर्ण किये जाने के फलस्वरुप डॉ रघुराज सिंह बघेल, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें जिला सूरजपुर को 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्ति पर भारमुक्त किया जाता हैं।

सेवानिवृत्ति से रिक्त होने वाले उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें जिला सूरजपुर के पद पर राज्य शासन द्वारा पूर्णकालिक पदस्थापना आदेश जारी किये जाने तक अंतरिम व्यवस्था अंतर्गत अस्थाई रुप से जिले में वरिष्ठ डॉ नृपेन्द्र सिंह, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ (अतिरिक्त उप संचालक) कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें जिला सूरजपुर को अपने वर्तमान दायित्यों के साथ-साथ उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें जिला सूरजपुर के पद का प्रभार अतिरिक्त रुप से संपादित किये जाने हेतु आदेशित किया जाता हैं।

डॉ नृपेन्द्र सिंह, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ (अतिरिक्त उप संचालक) कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें जिला सूरजपुर नियमानुसार उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें जिला सूरजपुर का प्रभार ग्रहण कर डॉ रघुराज सिंह बघेल, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें जिला सूरजपुर को सेवा निवृत्ति हेतु भारमुक्त करेंगे।

अंतरिम आदेश जारी करने का किया आग्रह

संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं ने प्रभारी उप संचालक का प्रभार सौंपने जारी आदेश के साथ ही कृषि उत्पादन आयुक्त एंव सचिव, छत्तीसगढ़ शासन पशुधन विकास विभाग को पत्र लिखकर संचालनालय के प्रस्ताव 23 जनवरी 2026 के हवाला देते हुए प्रशासनिक कार्य सुविधा के मद्देनजर अंतरिम व्यवस्था संबंधी आदेश करने का आग्रह किया है।


प्रभारी उप संचालक बनाए जाने की इनको दी जानकारी

  • विशेष सहायक, मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन, आदिम जाति, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रोद्योगिकी, मछलीपालन, पशुधन विकास।
  • कृषि उत्पादन आयुक्त एंव सचिव, छत्तीसगढ़ शासन पशुधन विकास विभाग।
  • आयुक्त सरगुजा संभाग छग।
  • कलेक्टर, जिला सूरजपुर छग।
  • कोषालय अधिकारी जिला कोषालय सूरजपुर छग।
  • उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें सूरजपुर छग।
  • डॉ रघुराज सिंह बघेल, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें जिला सूरजपुर छग ।
Tags:    

Similar News