CG News: लाख पहरा बिठाओ, नहीं मान रहे कोचिए... 15 सौ बोरा धान जब्त
CG News: छत्तीसगढ़ में जैसे- जैसे धान खरीदी की तारीख 15 नवंबर नजदीक आ रही है, वैसे- वैसे धान के कोचिए सक्रिय हो रहे हैं। नाकेबंदी के बाद भी अवैध धान की बड़ी खेप दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ पहुंच रही है।
CG News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धान खरीदी से कोचियों को दूर रखने कहा है जिससे वास्तविक किसान को उसका हक मिल सके। उत्तरप्रदेश, ओडिशा और झारखंड बॉर्डर पर तगड़ी नाकेबंदी की गई है, इसके बाद भी कोचिए अवैध धान को छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश कर रहे हैं। माना जा रहा है कि जितने मामले पकड़े जा रहे हैं, उससे अधिक धान बॉर्डर से पार कराया जा रहा है।
जांच के दौरान रायगढ़ तहसील छाल के ग्राम हाटी में एक ट्रक में भरे 600 बोरा धान और गोदाम में रखे 300 बोरा धान कुल 900 बोरा अवैध धान जब्त किया गया। मौके पर मंडी निरीक्षक को बुलाकर आवश्यक कार्यवाही की गई। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस उद्देश्य से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय है। साथ ही, जिला स्तरीय कंट्रोल टीम का गठन किया गया है, जो अवैध गतिविधियों से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर रही है। प्रत्येक तहसील में फ्लाइंग स्क्वॉड एवं कंट्रोल टीम गठित की गई हैं। वहीं सीमावर्ती इलाकों में अवैध धान परिवहन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए 10 अंतरराज्यीय एवं 15 आंतरिक चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां संबंधित अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
बलरामपुर में यूपी से आ रहा धान
बलरामपुर जिले में रामानुजगंज के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आनंद राम नेताम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम द्वारा अवैध धान परिवहन के पर कार्रवाई की गई। गश्ती के दौरान 143 बोरी अवैध धान जब्त किया गया। अनुविभागीय अधिकारी ने जानकारी दी है कि राजस्व, पुलिस के टीम द्वारा गश्ती के दौरान यूपी से आ रहे एक पिकअप वाहन में अवैध धान मिला। जांच टीम के पहुँचने की भनक लगते ही अवैध परिवहन कर रहे दो अन्य पिकअप वाहन चालक जंगल में धान को छोड़कर भाग गए। मौके पर मौजूद टीम ने धान को अपने कब्जे में लिया। बलरामपुर में ही चांदो करचा बेरियर में झारखंड से ट्रैक्टर के माध्यम से 23 बोरी अवैध धान का परिवहन किया जा रहा था। जिसे राजस्व विभाग की टीम ने जांच के दौरान ट्रैक्टर सहित जब्त कर चांदो थाना में सुपुर्द किया गया है। इसमें 50 बोरी धान था। इसी तरह रघुनाथनगर में एक पिकअप वाहन में उत्तरप्रदेश से 50 बोरी अवैध धान लाया जा रहा था। इसे भी पकड़ कर थाना रघुनाथनगरके सुपर्द किया गया है।
दुकान और गोदाम में मिला धान
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में मंडी में पंजीकृत व्यापारियों चंद्रा ट्रेडर्स उलखर और भोजराम साहू कुधरी के दुकान, गोदाम परिसर में भंडारित धान मात्रा 482 बोरी (192.80 क्विं) अवैध धान जब्त किया गया। इसमें मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जबकि बरमकेला तहसील के ग्राम सोनबला में नरेश सिदार के निवास में 133 बोरी धान अवैध रूप से भंडारण पाया गया।