"अघोरेश्वर भगवान राम" के नाम पर होगा कुनकुरी मेडिकल कॉलेज! जशपुर के लोगों ने की CM विष्णुदेव से मांग, CM बोले...

CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आश्वस्त किया है कि प्रस्तावित कुनकुरी मेडिकल कॉलेज प्रसिद्ध अघोर संत "अघोरेश्वर भगवान राम" के नाम पर होगा। जशपुर के गणमान्य लोगों ने इसके लिए आग्रह किया था। इस मौके पर जशपुर राजपरिवार के सदस्य भी मौजूद थे। राजपरिवार की अघोर आश्रम में अटूट आस्था है, लिहाजा कॉलेज के नामकरण में कोई दिक्कत नहीं आएगी।

Update: 2025-11-28 13:12 GMT

CG News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के दौरे के दौरान आध्यात्मिक आस्था के केंद्र श्री सर्वेश्वरी समूह अघोरेश्वर आश्रम नारायणपुर, चिटकवाईन पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने यहाँ प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।​

मुख्यमंत्री साय ने आश्रम पहुंचकर निम्नलिखित धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने आश्रम स्थित मां काली, भगवान गणेश की प्रतिमा और शिवलिंग का विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने आश्रम के संस्थापक परमपूज्य अवधूत भगवान राम जी की समाधि स्थल के दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


मत्था झुका ​आशीर्वाद ग्रहण

मुख्यमंत्री ने आश्रम में श्री उत्साही बाबा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया।​मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक स्थलों से उन्हें नई ऊर्जा और लोक कल्याण के कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है।


मेडिकल कॉलेज "अघोरेश्वर भगवान राम" के नाम पर

जशपुर के गणमान्य लोगों द्वारा मेडिकल कॉलेज का नाम "अघोरेश्वर भगवान राम" के नाम पर रखने की मांग की गई। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि अघोरेश्वर भगवान राम ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से हजारों मरीजों का उपचार किया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उनके सेवा कार्यों को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है, ऐसे में मेडिकल कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखा जाना उचित श्रद्धांजलि होगी। इस संबंध में लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को ज्ञापन सौंपा। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने इस मांग पर विचार करने का भरोसा दिया। जिले में बनने वाले मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण के लिए सरकार ने 359 करोड़ की मंजूरी दी है। इस महाविद्यालय की स्थापना से न केवल जिले के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे, जिले के विकास को नई दिशा देने के लिए वित्त विभाग ने कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर, फैकल्टी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप देने के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कृष्ण कुमार राय, विजय आदित्य प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का आश्रम दौरा उनकी आध्यात्मिक आस्था और प्रदेश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Tags:    

Similar News