7188 महिलाओं को आसमां निगल गया या धरती?...चौंकाने वाली रिपोर्ट, पुलिस भी नहीं ढूंढ पा रही
CG News: छत्तीसगढ़ में 7188 महिलाएं ऐसी हैं, जो तीन साल के भीतर लापता हुई हैं और इनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है। पुलिस भी इन्हें खोज नहीं सकी है। इनमें लड़कियां भी शामिल हैं। प्रदेश में तीन साल में 4749 महिलाएं और लड़कियां लापता हो गई हैं, इनमें से छत्तीसगढ़ पुलिस ने 40231 को खोज निकाला है।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
रायपुर। 20 मार्च 2026| छत्तीसगढ़ के गृह विभाग से जारी गुमशुदगी का आंकड़ा काफी चौंकाने वाला है। प्रदेश में महिलाओं के लापता होने या किसी के द्वारा बहला- फुसला कर ले जाने की घटना तेजी से बढ़ रही है। यह ट्रेंड रायपुर और बिलासपुर में ज्यादा देखने को मिल रहा है। आमतौर पर महिलाओं या लड़कियों के गायब होने पर पुलिस गुमशुदगी का ही केस दर्ज करती है, किसी में अपहरण का केस दर्ज नहीं होता। जांच के बीच यदि अपहरण की पुष्टि होती है, तब जाकर पुलिस धारा बदलती है। रायपुर में तीन साल में 1243 लड़कियां गायब हो चुकी हैं, जबकि महिलाओं का आंकड़ा 5481 है। इससे साफ है कि महिलाओं के गुमशुदा होने का ग्राफ ऊपर है। बिलासपुर की बात करें तो वहां इस अवधि में कुल 4294 महिलाएं और लड़कियां गायब हो गई हैं। इनमें से 3387 को पुलिस ने ढूंढ निकाला है। बिलासपुर में भी 1086 लड़कियों की तुलना में 3208 महिलाएं लापता हो गई हैं। दुर्ग में भी इस अवधि में 2565 महिलाओं के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली है, जबकि 752 लड़कियां गायब हो गईं।
राजधानी रायपुर की बात करें तो मामला गंभीर होता जा रहा है। यहां पर तकरीबन रोज एक लड़की गायब हो रही है। वर्ष 2023 में 355, वर्ष 2024 में 410 और वर्ष 2025 में 478 लड़कियों के गुमशुदा होने की सूचना थानों को मिली। वर्ष 2026 में 31 जनवरी तक 49 लापता हो चुकी थीं। राहत की बात यह है कि इस साल गायब 49 में से 22 को पुलिस ने ढूंढ निकाला है और इसके पीछे कारण बहला- फुसला कर ले जाने का आया है। राजधानी में महिलाओं के आंकड़े और भी चौंकाने वाले हैं। वर्ष 2023 में 1590, वर्ष 2024 में 1726 और वर्ष 2025 में 1982 महिलाएं गायब हो गईं। वर्ष 2026 में 31 जनवरी तक 183 महिलाएं गुमशुदा होने की सूचना थानों तक पहुंच चुकी है, इनमें से 110 को पुलिस ने खोज निकाला है।
बड़े शहर की ओर अग्रसर बिलासपुर में वर्ष 2023 में 895 महिलाएं लापता थीं, जिनमें से 737 को पुलिस ने खोज लिया। जबकि 158 की अभी कोई जानकारी नहीं आयी है। इसी अवधि में बिलासपुर से 341 लड़कियां गुमशुदा हो गईं, राहत की बात यह है कि इनमें से 327 को पुलिस वापस ले आयी। वर्ष 2024 में बिलासपुर जिले से 1033 महिलाओं की गुमशुदगी की सूचना आयी और इनमेंं से 813 की जानकारी पुलिस को मिल गई। इसके बाद 220 महिलाओं का पता नहीं है। 2024 में ही बिलासपुर से 358 बालिकाएं गायब थीं, जिनमें सेे 327 को पुलिस ने तलाश लिया। वर्ष 2025 में भी आंकड़ा कम नहीं हुआ और जिले से 1171 महिलाएं लापता हो गईं। इनमें से 341 की तलाश जारी है। इसी अवधि में गायब 359 लड़कियों में से 283 को पुलिस ने खोज निकाला है। इस वर्ष 2026 में जनवरी में 109 महिलाएं गुमशुदा हो गईं, जिसमें से 53 की सूचना पुलिस को मिल चुकी है।
चार जिलों में 2023 से 31 जनवरी 2026 तक गुमशुदा महिलाएं
1. रायपुर 5481
2. बिलासपुर 3208
3. दुर्ग 2565
4. बलौदाबाजार 1922
चार जिलों में 2023 से 31 जनवरी 2026 तक गुमशुदा लड़कियां-
1. रायपुर 1243
2. बिलासपुर 1086
3. दुर्ग 752
4. बलौदाबाजार 699