CG Narayanpur Naxalite Encounter: 8 नक्सलियों का शव बरामद, शव कंधे में रख उफनती नदी पार करते दिखे जवान.. CM ने दी बधाई...

CG Narayanpur Naxalite Encounter: आज पुलिस टीम की वापसी के दौरान पूर्व से ऐम्बुश लगाये हुए नक्सलियों ने STF की टीम पर गोलीबारी शुरू की। जवानों की जवाबी फायरिंग में एक नक्सली मारा गया...

Update: 2024-05-24 06:49 GMT

CG Narayanpur Naxalite Encounter नारायणपुर। कल हुए मुठभेड़ में जवानों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया था। मौके से सुरक्षाकर्मियों ने मारे गए माओवादियों के शव और हथियार बरामद किये थे। आज सुबह पुलिस टीम की वापसी के दौरान पहले से ऐम्बुश लगाये हुए नक्सलियों ने STF की टीम पर फिर से गोलीबारी शुरू की। STF के जवानों ने भी मुस्तैदी से मोर्चा सम्भाला और सुरक्षित आड़ लेते हुए जवाबी फायरिंग की कार्रवाई की। फायरिंग पश्चात सर्च में एक वर्दीधारी नक्सली का शव और हथियार बरामद हुए है। बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन में करीब 800 से अधिक जवान शामिल रहे।

मुठभेड़ खत्म होने के बाद उफनते हुए नदी को पार कर नक्सलियों के शव को जवानों द्वारा ले जाते एक वीडियो दंतेवाड़ा पुलिस ने जारी किया है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस तरह से जवान अपने आप को खतरे में डालते हुए इन्द्रावती नदी पार कर रहे हैं। मारे गए नक्सलियों को दंतेवाड़ा लाया जा रहा है। इस दौरान काफी मशक्कत का सामना सुरक्षाकर्मियों को करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी बताते हुए उनके साहस को सलाम किया और जवानों को बधाई दी। साथ ही सीएम ने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा करना ही हमारा लक्ष्य है। 

जानिए घटनाक्रम

दरअसल, 23 मई को नाराणपुर पुलिस को नाराणपुर-बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्र में प्लाटून नंबर 16 और इंद्रावती एरिया कमिटी में नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद गुरुवार की सुबह 11 बजे नारायणपुर-दंतेवाड़ा-बस्तर डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ की (तीन जिलों की पुलिस) संयुक्त टीम नक्सल विरोधी सर्च अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को देखकर जंगलों में छिपे माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

तीनों जिलों के सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। इस दौरान लगभग 7 वर्दीधारी नक्सली मारे गए। मौके से जवानों ने माओवादियों के शव, 7 नक्सली हथियार सहित अन्य सामान बरामद किया। वहीं कई नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है। फिलहाल घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी नारायणपुर पुलिस द्वारा दी जाएगी।

 बता दें कि एक महीने में दूसरी बड़ी कामयाबी है। इसके पहले बीजापुर जिले के गंगालूर क्षेत्र के पीडिया गांव में जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया था।

Full View

छोटेबैठिया में नक्सली मुठभेड़

बता दें कि छत्तीसगढ़ के कांकेर में 16 अप्रैल 2024 को नक्सलियों और जवानों के बीच मे मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ में करीब 29 नक्सली मारे गए थे। दरअसल, कांकेर जिला के छोटेबैठिया क्षेत्र के बिनागुण्डा एवं कोरोनार के मध्य हापाटोला के जंगल में 30 से 50 नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर डीआरजी, एवं बीएसएफ की संयुक्त पार्टी ऑपरेशन पर निकली थी। जवानों को आते देख नक्सलियों ने फायरिंग कर दिया। जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे। सर्च अभियान में पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किया था।

Full View

नारायणपुर नक्सली मुठभेड़: 10 नक्सली मारे गए, AK-47 सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद, मृत माओवादियों में तीन महिलाएं भी...

नाराणपुर 30 अप्रैल 2024। छत्तीसगढ़ के जिले नाराणपुर के अबूझमाड़ में हुई मुठभेड़ में 10 नक्सली मारे गए। जवानों ने मृत सभी नक्सलियों के शव को बरामद किया। साथ ही सर्चिंग में भारी मात्रा में हथियार बरामद किया है। मृत लोगों में 3 महिला नक्सली भी शामिल है। फिलहाल क्षेत्र में सर्चिंग अभी भी जारी है और सभी सुरक्षाकर्मी सुरक्षित है। मुठभेड़ छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बाॅर्डर, अबूझमाड़ के टेकामेटा इलाके की है।

दरअसल, 29 अप्रैल को नारायणपुर/कांकेर सीमावर्ती इलाके के अबूझमाड़ में डीआरजी/ एसटीएफ़ जवानों की सुंयक्त पार्टी नक्सल अभियान पर रवाना हुई थी। सुरक्षाकर्मियों को अबूझमाड़ के जंगल में भारी संख्या में नक्सलियों के मौजूदगी की जानकारी मिली थी। 30 अप्रैल की सुबह 6 बजे जवानों को जंगल में आते देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाकर्मियों की तरफ से भी जवाबी फायरिंग की गई। मुठभेड़ के दौरान 3 महिला माओवादी सहित 10 नक्सली मारे गए।

जवानों ने सर्च के दौरान एक नग AK 47, एक नग इंसास रायफल सहित भारी मात्रा में हथियार, गोला बारूद व दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त किया था। 

Full View

Tags:    

Similar News