14 लाख का चावल खा गए स्व सहायता समूह के पदाधिकारी, पुलिस ने किया FIR
CG Crime News: उत्तर छत्तीसगढ़ में गजब घोटाला सामने आया है। 14 लाख रुपये का चावल राशन दुकान चलाने वालों ने मिलजुलकर गायब कर दिया है। खाद्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने स्व सहायता समूह के पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज किया है।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
सरगुजा।27 मार्च 2026| उत्तर छत्तीसगढ़ में गजब घोटाला सामने आया है। 14 लाख रुपये का चावल राशन दुकान चलाने वालों ने मिलजुलकर गायब कर दिया है। खाद्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने स्व सहायता समूह के पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज किया है।
सरगुजा जिले के कटिंदा राशन दुकान से 15 लाख 72 हजार रुपये का राशन गायब हो गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर खाद्य विभाग के अफसरों ने राशन दुकान का भौतिक सत्यापन कराया। भौतिक सत्यापन में लाखों का राशन गायब मिलने पर स्व सहायता समूह के पदाधिकारियों के खिलाफ अपराध दर्ज कराया है। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है।
लखनपुर ब्लॉक के कटिंदा में ग्रामीणों ने राशन नहीं मिलने एवं गड़बड़ी की शिकायत की थी। शिकायत पर खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह कंवर ने राशन दुकान का भौतिक सत्यापन किया। जांच में राशन दुकान से 380.53 क्विंटल चावल, 12.95 क्विंटल शक्कर, 5.5 क्विंटल चना दाल और 23.64 क्विंटल नमक गायब मिला। इसकी कुल कीमत 15 लाख 72 हजार रुपये आंकी गई है।
संचालकों के खिलाफ FIR
राशन दुकान का संचालन गणेश स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था। दुकान का संचालन सरपंच के पति कुदरत बहाल सिंह कर रहे थे। खाद्य निरीक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर लखनपुर पुलिस ने मामले में कुदरत बहाल सिंह सहित गणेश स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष कविता सिंह और उपाध्यक्ष दिलसाय के खिलाफ धारा 318(4), 316 (3) एवं 5 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है लंबे समय से राशन वितरण में अनियमितताएं हो रही थीं। इसकी शिकायत खाद्य विभाग से की गई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।