CG Housing Board: हाऊसिंग बोर्ड के लिए 2025 रहा ऐतिहासिक, 4689 संपत्तियों की बिक्री कर 1022 करोड़़ के बिजनेस का बनाया रिकार्ड, CM विष्णुदेव ने दी बधाई, मंत्री ओपी चौधरी बोले...
CG Housing Board: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने रचा आवास के क्षेत्र में नया कीर्तिमान। हाउसिंग बोर्ड के इतिहास में पहली बार एक वर्ष में लगभग 1022 करोड़ की संपत्तियों का किया गया विक्रय। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस कामयाबी के लिए मंत्री समेत हाउसिंग बोर्ड की टीम को बधाई दी है, वहीं विभागीय मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पात्र लोगों को किफायती, सुलभ और सम्मानजनक आवास दिलाना है।
CG Housing Board: रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने राज्य में आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों के विक्रय के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 की 01 वर्ष की अवधि में लगभग 4689 संपत्तियों का विक्रय किया है जिसका मूल्य लगभग 1022 करोड़ रुपए से अधिक है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के गठन से लेकर अब तक के इतिहास में सर्वाधिक वार्षिक विक्रय है।
हाउसिंग बोर्ड ने इस रिकार्ड पर प्रेस नोट जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड द्वारा राज्य में किफायती, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अपने गठन के बाद से ही समाज के कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों को प्राथमिकता देता आ रहा है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा अब तक निर्मित कुल आवासों में से लगभग 70 प्रतिशत आवास कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के लिए निर्मित किए गए हैं।
विगत पाँच वर्षों में हाऊसिंग बोर्ड द्वारा औसतन 1387 संपत्तियों का प्रतिवर्ष विक्रय किया गया, जिसका औसत मूल्य लगभग रु. 262 करोड़ रहा है। किन्तु वर्ष 2025 में 4689 संपत्तियॉ जिसका मूल्य लगभग रु.1022 करोड़ है का विक्रय किया गया। यह मंडल की कार्यप्रणाली में आए सुधारों, नीतिगत सरलीकरण तथा हितग्राहियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है एवं मण्डल के इतिहास में पहली बार हुआ है।
विगत एक वर्ष के दौरान शासन द्वारा स्वीकृत व्ज्ै.2 (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई, जिसके फलस्वरूप लगभग 1452 संपत्तियों का विक्रय किया गया जिसका मूल्य लगभग रु. 220.16 करोड़ है। इस योजना से बड़ी संख्या में मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों को सीधा लाभ मिला है।
मंत्री आवास एवं पर्यावरण ओपी चौधरी के निर्देश पर राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 का आयोजन 23 से 26 नवंबर को बीटीआई् ग्राउंड शंकर नगर रायपुर में किया गया था। जो कि राज्य में आवास क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आयोजन सिद्ध हुआ। आवास मेले के दौरान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने 26 जिलों में रु. 2080 करोड़ की 56 नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया गया। साथ ही, मेले के दौरान ही रु.305 करोड़ मूल्य की संपत्तियों का विक्रय किया गया, जिससे छत्तीसगढ़ गृह मंडल की योजनाओं के प्रति आमजन का भरोसे एवं विश्वास में वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा वर्ष 2025 में लगभग रु. 1022 करोड़ की संपत्तियों का विक्रय किया जाना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। यह सरकार की जनहितैषी नीतियों और लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा गरीब, कमजोर और मध्यम वर्ग के लिए किफायती एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का कार्य सराहनीय है। सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को सम्मानजनक आवास मिले और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे। मैं माननीय मंत्री आवास एवं पर्यावरण ओ.पी. चौधरी को, माननीय अध्यक्ष छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अनुराग सिंह देव को तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के आयुक्त एवं समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस उपलब्धि पर कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा एक वर्ष में रु.1022 करोड़ की संपत्ति का विक्रय किया जाना राज्य के आवास क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री जी की जनकल्याणकारी सोच, शासन की स्पष्ट आवास नीति तथा हाऊसिंग बोर्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने यह भी कहा कि शासन का लक्ष्य प्रत्येक पात्र नागरिक को किफायती, सुलभ, सुव्यवस्थित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि वर्ष 2025 में प्राप्त यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन, मंत्री जी के नेतृत्व एवं मंडल की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में जो प्रगति हुई है, वह यह दर्शाती है कि मंडल अब नई सोच, पारदर्शिता और जनहित को केंद्र में रखकर कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी आवासहीनों को किफायती घर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल राज्य में आवास क्षेत्र में अपनी सशक्त भूमिका निभाते हुए आवास क्रांति की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिकों को लाभ मिल रहा है।