500 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राखः खड़ी फसल में लगी आग, तेज हवाओं से अलग-बगल के खेतों में पहुंची आग की लपटें
CG News: छत्तीसगढ़ दुर्ग जिले के ग्राम खिलोरा खुर्द में शनिवार को खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तकरीबन 500 एकड़ में फैली गेहूं की फसल इसकी चपेट में आ गई।
इमेज सोर्स- NPG News
दुर्ग।28 मार्च 2026| छत्तीसगढ़ दुर्ग जिले के ग्राम खिलोरा खुर्द में शनिवार को खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तकरीबन 500 एकड़ में फैली गेहूं की फसल इसकी चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग पहले एक खेत में लगी और तेज हवा के कारण आग की लपटें तेजी से दूसरे खेतों तक फैलती चली गई। हवा तेज होने की वजह से आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आसपास के किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।
जलकर खाक हुई फसल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बोरी थाना पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक आग बुझाने का काम चलता रहा। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका जा सका।
प्रशासन से मदद की उम्मीद
आगजनी में कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है और अब वे प्रशासन से मदद की उम्मीद कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से खेतों में आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। लगातार गर्मी बढ़ने और लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है।