CG Crime News: बर्बरता की बोलती कहानी: स्कूली छात्र को घसीटकर लात-घूंसों और डंडों से मारा, रास्ता रोका और बर्बरता की सारी हदें कर दी पार

CG Crime News: छत्तीसगढ़ रायगढ़ में आरोपियों ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दी। स्कूली छात्र का रास्ता रोका और बीच सड़क घसीट-घसीटकर लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी।

Update: 2026-02-09 13:04 GMT

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

9 फरवरी 2026: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दो युवक और चार नाबालिगों ने एक छात्र का पहले रास्ता रोका और फिर लात-घूंसे और डंडे से जमकर पिटाई कर दी। पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार युवकों ने मारपीट की है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है।

आरोपी युवकों ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दी है। छात्र को घसीट-घसीटकर पीट रहे हैं। यह घटना लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के पास की है। मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें नाबालिग भी शामिल हैं। इन घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। दीनदयाल कॉलोनी निवासी स्कूली छात्र ने 6 फरवरी को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि वो अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी अभय सिंह ठाकुर, कपिश मित्तल और उनके साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया। स्कूल की पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने हाथ-मुक्का, डंडे से मारपीट की। घायल छात्र को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, मारपीट करने वाले युवकों के ग्रुप में शामिल किसी एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक अलग-अलग बाइक और स्कूटी पर सवार होकर गाली-गलौज करते हुए घूम रहे हैं। लक्ष्मीपुर रोड से रामभांठा की ओर जाने वाले रास्ते के पास आरोपियों ने स्कूटी सवार 2 छात्रों को रोका। इसके बाद एक युवक को सभी ने मिलकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान मौके पर कोई बीच-बचाव करने वाला नहीं था।

पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच के बाद 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 4 नाबालिग हैं, जिन्हें किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। दो आरोपी अभय सिंह ठाकुर (19) निवासी बैकुंठपुर महावीर चौक और कपिश मित्तल (18) निवासी कयाघाट जूटमिल को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। अब इसमें बलवा की धाराएं भी जोड़े जाने की प्रक्रिया जारी है।

सीएसपी मयंक मिश्रा ने आरोपियों के परिजनों को कार्यालय बुलाकर सख्त हिदायत दी कि वे बच्चों की गतिविधियों, संगति और स्कूल उपस्थिति पर निगरानी रखें। संबंधित स्कूलों के शिक्षकों को भी अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई होगी

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि, रायगढ़ जिले में गुंडागर्दी, सार्वजनिक मारपीट और कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

Tags:    

Similar News