CG कोयला घोटाला: ACB ने कोयला घोटाले में राकेश जैन के खिलाफ कोर्ट में पेश किया 1,200 पेज का पूरक चालान

CG Coal Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाले में ACB/EOW ने स्पेशल कोर्ट के सामने मंगलवार को कोल घोटाले में संलिप्तता के आरोप में राकेश जैन के खिलाफ पूरक चालान पेश किया। 1200 पेज में पेश पूरक चालान में जांच एजेंसियों ने कोयला घोटाला में शामिल आरोपियों के साथ सांठगांठ करने और संलिप्तता के साथ ही गंभीर आरोप लगाया है। पढ़िए जांच एजेंसी ने क्या आरोप लगाया है।

Update: 2026-03-10 14:01 GMT

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

रायपुर। 10 मार्च 2026|छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाले में ACB/EOW ने स्पेशल कोर्ट के सामने मंगलवार को कोल घोटाले में संलिप्तता के आरोप में राकेश जैन के खिलाफ पूरक चालान पेश किया। 1200 पेज में पेश किए गए पूरक चालान में जांच एजेंसियों ने कोयला घोटाला में शामिल आरोपियों के साथ सांठगांठ करने और संलिप्तता के साथ ही गंभीर आरोप लगाया है।

अवैध कोल लेवी वसूली प्रकरण में जांच एजेंसियों ने मंगलवार 10 मार्च 2026 को आरोपी राकेश जैन के विरूद्ध भा.द.वि. की धारा 120बी, 420, 384, 467, 468, 471 एवं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988, की धारा 7, 7ए, एवं 12 के अंतर्गत विशेष न्यायालय (भ्र.नि.अ.) रायपुर में लगभग 1,200 पेज का अभियोग पत्र दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत किया गया।

जुलाई 2024 में 15 आरोपियों के खिलाफ पेश किया था पहला चालान

बता दें, राकेश जैन केन्द्रीय जेल रायपुर में बंद है। जांच एजेंसियों ने कोल लेव्ही घोटाले के आरोप में जुलाई 2024 में 15 आरोपियों सौम्या चौरसिया, रानू साहू, समीर विश्नोई, शिवशंकर नाग, संदीप कुमार नायक, सूर्यकांत तिवारी, निखिल चंद्राकर, लक्ष्मीकांत तिवारी, हेमंत जायसवाल, चंद्रप्रकाश जायसवाल, शेख मोइनुद्दीन कुरैशी, पारेख कुर्रे, राहुल सिंह, रोशन कुमार सिंह एवं वीरेन्द्र जायसवाल के खिलाफ ईओडब्ल्यू के द्वारा अवैध कोल लेवी प्रकरण में प्रथम चालान प्रस्तुत किया गया था। अक्टूबर 2024 में 02 आरोपियों-मनीष उपाध्याय एवं रजनीकांत तिवारी, अक्टूबर 2025 में 02 आरोपियों-देवेन्द्र डडसेना एवं नवनीत तिवारी तथा दिसम्बर 2025 में 01 आरोपी-जयचंद कोशले के विरूद्ध पूरक चालान प्रस्तुत किया गया था।

शेल फर्मों के जरिए 40 करोड़ रुपये को ऐसे करते थे बदलते थे कैश में

एसीबी व ईओडब्ल्यू ने बताया, जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अवैध कोल लेवी कि रकम नगद में वसूली जाती थी, जिनके पास नगद में रकम देने को नहीं होता था उनके लिए सूर्यकांत तिवारी ने शेल फर्मों की व्यवस्था कराई थी। इसमें उक्त आरोपी ने कोयला लेवी से प्राप्त अवैध धनराशि को वैध स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न फर्मों और बैंक खातों का उपयोग किया। आरोपी द्वारा कई शेल फर्मों के माध्यम से बैंकिंग चैनलों के जरिए कम से कम 40 करोड़ों की धनराशि का रूटिंग और लेयरिंग कर उसे नकद में परिवर्तित कर सूर्यकांत तिवारी तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाती थी। इस प्रक्रिया में फर्जी बिलिंग, विभिन्न व्यावसायिक मदों के नाम पर भुगतान तथा अनेक खातों में राशि स्थानांतरित कर वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास किया गया।

राकेश जैन के खिलाफ तीन आपराधिक प्रकरण है दर्ज

पूर्व में आरोपी राकेश जैन के विरूद्ध रायपुर पुलिस में तीन अपराधिक मामले दर्ज है, जिनमें एक प्रकरण में चालान पेश किया जा चुका है और दो प्रकरण विवेचनाधीन है। ब्यूरो के अन्य अपराध शराब घोटाले में भी उक्त आरोपी ने अनवर ढेबर से संबंधित व्यक्तियों एवं विभिन्न फर्मों को भी अपने अवैध नेटवर्क से बैंक एंट्रीया दी है और अवैध धनराशि की लेयरिंग में सहयोग किया है।

इन कंपनियों व फर्मों के जरिए सूर्यकांत तक पहुंचाते थे रकम

जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित कंपनियों से बड़ी मात्रा में धनराशि विभिन्न व्यक्तियों / फर्मों- जिसमें अनवर ढेबर से संबंधित फर्मे और आर.ए. कॉरपोरेशन, स्टार ट्रेडर्स, महावीर एंटरप्राइजेज, श्रुष्टि मिनरल्स, मार्श एंटरप्राइजेज, सोमवत्ती सेल्स एवं आर्या एंटरप्राइजेज के खातों में स्थानांतरित की गई, जिसके बाद उक्त राशि को चरणबद्ध तरीके से निकालकर अवैध नेटवर्क से सूर्यकांत तिवारी तक पहुंचाया जाता था।

राकेश जैन के खिलाफ इन धाराओं के तहत की जा रही कार्रवाई

उपलब्ध डिजिटल, दस्तावेज आदि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धाराएं 120-बी, 420, 384, 467, 468, 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धाराएं 7, 7-ए एवं 12 के अंतर्गत अभियोजन की कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण की जांच आगे भी जारी है तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

क्या है छत्तीसगढ़ का कोयला लेवी घोटाला?

ED का दावा है कि छत्तीसगढ़ में कोयला घोटाला किया गया है। इस मामले में 36 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। ईडी का आरोप है कि कोयले के परिचालन, ऑनलाइन परमिट को ऑफलाइन करने समेत कई तरीकों से करीब 570 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध वसूली की गई है। छत्तीसगढ़ में अवैध कोल लेवी वसूली का मामला ईडी की कार्रवाई में सामने आया था। कोल परिवहन में कोल व्यापारियों से वसूली करने के लिए ऑनलाइन मिलने वाले परमिट को ऑफलाइन कर दिया गया था। खनिज विभाग के तत्कालीन संचालक आईएएस समीर विश्नोई ने 15 जुलाई 2020 को इसके लिए आदेश जारी किया था

कोल स्कैम से नेताओं और अफसरों ने प्रापर्टी खरीदी

छत्तीसगढ़ कोयला घोटाला केस में ED की चार्जशीट में खुलासा हुआ है, 570 करोड़ में सबसे ज्यादा फायदा 8 नेताओं और अफसरों को मिला। नेताओं और अफसरों ने कोल स्कैम के पैसों का उपयोग प्रॉपर्टी खरीदने में किया। गहने खरीदे और चुनाव में करोड़ों रुपए उड़ाए। ED की चार्जशीट के मुताबिक कोल स्कैम के मास्टरमाइंड सूर्यकांत तिवारी से सौम्या चौरसिया ने 169 बार में 31 करोड़ लिए, निलंबित IAS रानू साहू ने 13 बार में 5.52 करोड़ रुपए लिए। वहीं विधायक देवेंद्र यादव को 11 बार में 3 करोड़ रुपए मिले। देवेंद्र यादव ने पैसों को खैरागढ़ उप चुनाव और UP चुनाव में खर्च किए। कांग्रेस के पूर्व विधायक चंद्रदेव राय ने सूर्यकांत से 2 बार में 46 लाख रुपए लिए, 42 लाख को UP चुनाव में खर्च किए, जबकि 4 लाख रुपए में रायपुर की एक ज्वेलरी शॉप से पत्नी के लिए 60 ग्राम सोने का हार खरीदा ।

पैसा आता कहां से था ?

ED की चार्जशीट के मुताबिक कोल स्कैम का मास्टरमाइंड सूर्यकांत तिवारी कोयला ट्रांसपोर्टिंग का करने वालों से वसूली का काम करता था। कोल वाशरी संचालकों से 100 रुपए प्रति टन और वाशरी से कोयला निकलने पर 25 रुपए प्रति टन अतिरिक्त ट्रांसपोर्टिंग शुल्क लिया जाता था। कोयले का व्यापार करने वालों को सूर्यकांत तिवारी को दो बार कमीशन देना पड़ता था। कोरबा और रायगढ़ में वसूली के लिए अलग से ऑफिस खोले गए थे। वसूली के पैसों को सूर्यकांत तिवारी ही संभालता था, फिर नेताओं और अफसरों को डील के मुताबिक रकम उपलब्ध कराता था।

दो पूर्व मंत्रियों, विधायकों समेत 36 पर FIR

ED की रिपोर्ट पर ACB / EOW ने 2 पूर्व मंत्रियों, विधायकों सहित 36 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। जिस पर अब ACB-EOW की टीम जांच कर रही है। IAS रानू साहू के अलावा IAS समीर विश्नोई, सौम्या चौरसिया, जेडी माइनिंग एसएस नाग और कारोबारी सूर्यकांत तिवारी को गिरफ्तार किया गया था।

Tags:    

Similar News