CG IT Raid: CG में IT की रेड: कोयला व्यवसायी के ठिकानों पर दी दबिश, SIR स्टीकर लगी गाड़ियों से पहुंचे अधिकारी
IT RAID: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरुवार को आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। कोयला व्यवसायी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी।

फोटो सोर्स- npg.news
CG IT Raid: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरुवार को आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। कोयला व्यवसायी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर के व्यापारिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।
आयकर विभाग की टीम सुबह अचानक शहर पहुंची और फील ग्रुप के ऑफिस, आवास और फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी। अधिकारियों की गाड़ियां एसआईआर सर्वे टीम के स्टीकर के साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि विभाग की अलग-अलग टीमें एक साथ कई ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास पर भी टीम ने जांच की कार्रवाई की है। वहां कंप्यूटर हार्ड डिस्क, फाइलों और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। दोपहर करीब 12 बजे से अधिकारी दस्तावेजों का मिलान करने में जुटे हुए हैं।
हालांकि अब तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं दिया गया है। कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रवीण झा शहर के प्रमुख कोयला व्यापारियों में गिने जाते हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को लेकर व्यापारिक वर्ग में हलचल मची हुई है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आयकर विभाग की टीम दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हुई है।
