CG में चलती कार में जमकर पत्थरबाजी, कार के सामने बैठी महिला गंभीर रूप से घायल, CIMS में चल रहा इलाज, मध्य प्रदेश के पुष्पराजगढ़ जा रहा था परिवार
CG Crime News: छत्तीसगढ़ बिलासपुर में एक चलती कार में जमकर पत्थरबाजी की घटना हुई। पथराव के कारण कार में सामने सीट पर बैठी महिला बुरी तरह घायल हो गई है। सिर व चेहरे पर चोट लगने के कारण हालत गंभीर है।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
बिलासपुर। 31 मार्च 2026| छत्तीसगढ़ बिलासपुर में एक चलती कार में जमकर पत्थरबाजी की घटना हुई। पथराव के कारण कार में सामने सीट पर बैठी महिला बुरी तरह घायल हो गई है। सिर व चेहरे पर चोट लगने के कारण हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को चिकित्सकों ने बिलासपुर सिम्स के लिए रेफर कर दिया है। CIMS में घायल महिला का इलाज चल रहा है। हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार सवार परिवार मध्य प्रदेश के पुष्पराजगढ़ जा रहा था। रतनपुर क्षेत्र के बादल महल के पास जैसे ही कार पहुंची, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने चलती कार पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस अप्रत्याशित हमले और तेजी के साथ हो रहे पथराव से कार सवार लोग घबरा गए, कार चालक को भी कुछ समय में नहीं आ रहा था। तेजी के साथ हो रहे पथराव के बीच एक बड़ा सा पत्थर कार के खिड़की पर लगे कांच को तोड़ते हुए ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठी महिला के सिर व चेहरे पर जा लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की स्थिति को देखते हुए कार चालक ने जैसे-तैसे कार को संभाला और सीधे रतनपुर बस्ती की तरफ ले गया। गंभीर रूप से घायल महिला का प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए बिलासपुर सिम्स के लिए रेफर कर दिया है। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान CIMS में घायल महिला का इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है, घटना के पीछे शरारती तत्वों का हाथ होगा।