महिला अफसर से दुर्व्यवहार: ढाबा में सिलेंडर की जांच हुई तो महिला खाद्य अफसर से भिड़ गया संचालक
CG News: होटल और ढाबा में वाणिज्यिक गैस सिलेंडर का संकट है। रसोई गैस का दुरुपयोग न हो, इसे ध्यान में रख कर जांच चल रही है। ऐसी ही एक जांच के बीच ढाबा संचालक महिला अधिकारी से भिड़ गया।
इमेज सोर्स- NPG News
बलरामपुर।20 मार्च 2026| राज्य शासन ने सभी जिलों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि रसोई गैस का दुरुपयोग नहीं हो। इस निर्देश के बाद दुरुपयोग और गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण पर प्रदेशभर में लगातार जांच चल रही है। कई जगह अवैध गैस सिलेंडर पकड़े जा रहे हैं। बलरामपुर जिले में भी एसडीएम रामानुजगंज के निर्देश पर सहायक खाद्य अधिकारी चंपाकली दिवाकर ने संयुक्त टीम के साथ एल.पी.जी. गैस सिलेंडर वितरण और विनिमय आदेश 2000 के प्रावधानों के तहत होटल और ढाबा में चेकिंग कर रही थी। तभी एक ढाबे में जांच के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
दरअसल एल.पी.जी. सिलेंडर चेकिंग के बीच संचालक राहुल जीत सिंह ने महिला सहायक खाद्य अधिकारी के साथ अभद्रता पूर्ण व्यवहार शुरू कर दिया। साथ ही जांच का वीडियो बना रहा था। इस बीच आरोप है कि राहुल जातिगत गाली का प्रयोग कर शासकीय कार्य में बाधा डाल रहा था। इस पर दल द्वारा समझाने के बाद भी राहुल जीत सिंह सहायक खाद्य अधिकारी को जातिगत गाली तथा जान से मारने की धमकी देना जारी रखा। इस घटना के बाद सहायक खाद्य अधिकारी ने राहुल जीत सिंह के विरूद्ध लिखित आवेदन देकर थाना रामानुजगंज में प्राथमिकी दर्ज करा दी है।
रामानुजगंज रिंग रोड स्थित सूरज ढाबा में चेकिंग के दौरान संचालक राहुल जीत सिंह द्वारा अनाधिकृत रूप से वीडियो बनाया जा रहा था, जिसे मना करने पर राहुल जीत और उसके साथी के द्वारा सहायक खाद्य अधिकारी का रास्ता रोककर जातिगत गाली गलौज की गई। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में व्यवधान पैदा किया गया। पुलिस के द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा आरोपी राहुल जीत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।