CG News: जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंचे तीन भालू, रात के अंधेरे में ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, अब हो रहा वायरल

CG News: भोरमदेव अभयारण्य से लगे गांवों में रात के अंधेरे में ग्रामीणों के बीच उस समय दहशत फैल गया जब जंगल से भटककर तीन भालू गांव में पहुंच गए। भालू बस्ती और खेत के आसपास घूम रहे थे।

Update: 2026-02-05 06:26 GMT
npg.news

CG News: कवर्धा। भोरमदेव अभयारण्य से लगे गांवों में रात के अंधेरे में ग्रामीणों के बीच उस समय दहशत फैल गया जब जंगल से भटककर तीन भालू गांव में पहुंच गए। भालू बस्ती और खेत के आसपास घूम रहे थे। ग्रामीणों ने मोबाइल टार्च की रोशनी में भालू को देखा, इसी बीच गांव के कुछ युवकों ने वीडियो भी बना लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

बुधवार रात जंगल से भटककर तीन भालुओं का दल 17वीं बटालियन क्षेत्र अंतर्गत जैतपुरी और रामचुआ गांव के आसपास मंडराता रहा। इससे यहां रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया, भालुओं की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने घरों में दुबके थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात भालू गांव से लगे खेतों और बस्तियों के आसपास घूमते नजर आए। कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल की रोशनी में भालुओं को देखा, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। यह क्षेत्र भोरमदेव अभयारण्य से लगा हुआ है, जहां से अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही होती है, लेकिन गांव के इतने नजदीक भालुओं के पहुंचने से लोग सहम गए।


खबर मिलते ही वन विभाग हरकत में आया और वनकर्मियों की टीम को मौके पर रवाना किया गया। वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में सतत निगरानी शुरू कर दी है। एहतियातन गांवों में मुनादी कराई गई और ग्रामीणों से अपील की गई कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें, अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता के साथ सुरक्षित रखने हिदायत दी है।

वन अमले द्वारा भालुओं की ट्रैकिंग की जा रही है, हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि भालुओं का दल किस दिशा में गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और भालुओं को देखकर उन्हें भगाने या नजदीक जाने का प्रयास न करने की हिदायत भी दी है।




Tags:    

Similar News