CG शिक्षक बिग ब्रेकिंग : शाला बंद होने के बावजूद शिक्षकों को करनी होगी ड्यूटी….प्रमुख सचिव और DPI की मौजूदगी में चल रही है शिक्षा विभाग की बैठक…कुछ देर में विस्तृत गाईडलाइन होगा जारी….. NPG से बोले अधिकारी…..
रायपुर 22 मार्च 2021। प्रदेश के सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश के बावजूद शिक्षकों को पूर्व की भांति ही स्कूल आना होगा। स्कूलों में सिर्फ बच्चों के आने पर पाबंदी लगायी गयी है, शिक्षकों को हर दिन की तरह ही स्कूल में उपस्थिति देनी होगी। NPG सूत्रों के मुताबिक शाला बंद होने के बाद शिक्षकों की भूमिका तय करने के लिए शिक्षा विभाग की एक बड़ी बैठक अभी चल रही है, जिसमें स्कूल बंद होने के बाद बच्चों की पढ़ाई को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर दिशा-निर्देश तय किये जा रहे हैं। अब से कुछ देर बाद शिक्षकों को लिए अलग से गाईडलाइन जारी हो जायेगी।
दरअसल कल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना की समीक्षा के बाद बेहद ही सख्त निर्देश जारी करते हुए सभी स्कूल, कॉलेजों, ITI, इंजीनियरिंग कॉलेजों, आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने का निर्देश जारी किया था। राज्य सरकार ने ये भी निर्देश दिया था कि ऑफलाइन बोर्ड परीक्षाओं को छोड़कर सभी कक्षाओं में परीक्षा के बजाय जनरल प्रमोशन दे दिया जायेगा। राज्य सरकार के निर्देश में तो स्कूल-कॉलेजों में बच्चों के नहीं आने की बात कही गयी थी, लेकिन शिक्षकों को लेकर किसी भी तरह का जिक्र नहीं किया था, जिसकी वजह से शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। लेकिन अब शिक्षा विभाग की तरफ से जो जानकारी NPG को दी गयी है, उसमें बताया गया है कि शिक्षकों को स्कूल पूर्व की भांति ही आना होगा। शाला बंद होने के बाद बच्चों को आनलाइन तरीके से पढ़ाई कराना होगा।
शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आलोक शुक्ला की मौजूदगी में DPI जितेंद्र शुक्ला सहित शिक्षा के प्रमुख अधिकारी बैठक में मौजूद हैं, जिसमें कोरोना काल में शिक्षकों की भूमिका और ऑनलाइन पढ़ाई के तरीकों को लेकर चर्चा की जा रही है। कुछ देर में शिक्षा विभाग की तरफ से शिक्षकों के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिया जायेगा।
शिक्षा विभाग के शीर्ष अधिकारी ने NPG को बताया कि ….
“कोरोना की वजह से स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है, बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए राज्य सरकार ने शाला बच्चों के लिए बंद किया है, शिक्षकों को स्कूल आना होगा। शाला बंद होने के बावजूद बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से चलनी चाहिये, इसे लेकर अलग से गाईडलाईन जारी की जायेगी। अभी प्रमुख सचिव की बैठक में बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों की भूमिका को लेकर चर्चा चल रही है। बच्चों की पढ़ाई शाला बंद रहने के बावजूद बाधित नहीं होनी चाहिये”