घूसखोर IAS-IPS को जमानत : कलेक्टर-एसपी रहते घूस लेते हुए पकड़ाये थे…..महीनों बाद अब निकलेंगे जेल से….सरकार ने नहीं दी अभियोजन की अनुमति
जयपुर 13 अगस्त 2021। घूस लेने के मामले में गिरफ्तार एसपी-कलेक्टर को जमानत मिल गयी है। पिछले साल 23 दिसंबर को बारां कलेक्टर रहते हुए इंद्रसिंह राव को पेट्रोल पंप के NOC के लिए 1.40 लाख रूपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। कलेक्टर इंद्रसिंह अपने पीए के जरिये ये घूस ले रहे थे।
वहीं भारत माला प्रोजेक्ट में हाईवे बना रही कंपनी से 38 लाख की रिश्वत लेने के आरोप में 2 फरवरी 2021 को एसपी मनीष अग्रवाल को जयपुर से गिरफ्तार किया गया था। दौसा एसपी रहते मनीष अग्रवाल को एसीबी ने घूस प्रकरण में पकड़ा था। इस मामले में IPS मनीष अग्रवाल को फरवरी 2021 में एसडीआरएफ कमांडेंट रहते गिरफ्तार किया गया था।
घूस के इसी प्रकरण में राज्य प्रशासनिक सेवा की अफसर पिंकी मीणा को 10 लाख की रिश्वत लेते और दौसा एसडीएम पुष्कर मित्तल को 5 लाख रुपये लेते गिरफ्तार किया गया था। कलेक्टर इंद्रसिंह राव और एसपी मनीष अग्रवाल को जमानत के लिए जयपुर हाईकोर्ट से भी जमानत नहीं मिली थी। राज्य सरकार ने दोनों अफसरों के खिलाफ अभियोजन की इजाजत नहीं थी, जिसके बाद इसी आधार पर जमानत की याचिका दायर की गयी, जिसे हाईकोर्ट ने मंजूर कर लिया। इंद्रसिंह राव 8 महीने से और IPS मनीष अग्रवाल 6 महीने के बाद जेल से बाहर आयेंगे।