Kia ने भारत में लॉन्च की अपनी नई इलेक्ट्रिक कार 2025 EV6 Facelift, ₹65.9 लाख की कीमत में मिलेंगे ये धांसू फीचर्स
2025 Kia EV6 Launched In India: Kia ने भारत में नई 2025 EV6 Facelift इलेक्ट्रिक कार लॉन्च की है। इसकी कीमत ₹65.9 लाख है और यह 663 किमी की रेंज देती है। इसमें शानदार डिजाइन, एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स और दमदार बैटरी पैक मिलता है।

2025 Kia EV6 Launched In India: किआ ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च कर दी है। यह नई कार 2025 Kia EV6 Facelift है, जिसे कंपनी ने ₹65.9 लाख की एक्स-शोरूम कीमत पर पेश किया है। यह कार शानदार स्टाइल, दमदार पावर और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन मिश्रण है। कंपनी ने बताया है कि यह नई EV6 भारतीय बाजार में केवल एक ही टॉप-एंड वेरिएंट में उपलब्ध होगी। इस वेरिएंट का नाम GT Line AWD है। इस कार में लेवल-2 ADAS जैसे आधुनिक सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं, जो इसे और भी सुरक्षित बनाते हैं। इसके साथ ही, इस नई कार में पहले से बड़ा बैटरी पैक भी दिया गया है। आइए जानते हैं इस नई 2025 Kia EV6 इलेक्ट्रिक कार में क्या-क्या खास है।
आकर्षक और स्पोर्टी बाहरी डिज़ाइन
नई 2025 Kia EV6 के बाहरी डिज़ाइन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। मौजूदा मॉडल की तुलना में लगभग 15 नए अपडेट्स इसे और भी स्पोर्टी लुक देते हैं। यह डिज़ाइन किआ की 'ऑपोजिट युनाइटेड' डिजाइन फिलॉसफी पर आधारित है। फ्रंट में नई स्टार मैप ग्राफिक वाली कनेक्टेड DRL और सीक्वेंशियल इंडिकेटर्स इसे एक अलग पहचान देते हैं। साथ ही, GT Line फ्रंट बंपर इसके एग्रेसिव लुक को बढ़ाता है। साइड प्रोफाइल पर 19 इंच के एयरोडायनैमिक ग्लॉसी-फिनिश एलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जबकि पीछे की तरफ स्टार मैप LED रियर कॉम्बिनेशन लैम्प इसकी प्रीमियम अपील को बढ़ाते हैं।
प्रीमियम और आधुनिक इंटीरियर
कार का इंटीरियर भी काफी शानदार और आधुनिक बनाया गया है। कंपनी ने इसे प्रीमियम और स्पेशियस रखने पर खास ध्यान दिया है। इसमें D-कट स्टीयरिंग व्हील दिया गया है, जिसमें हैंड ऑन डिटेक्शन टेक्नोलॉजी मिलती है। ड्राइवर के लिए 12.3 इंच का पैनारॉमिक कर्व्ड डिस्प्ले है, जो इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर का काम करता है और इंटीरियर को हाई-टेक लुक देता है।
एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स
सुरक्षा के मामले में नई Kia EV6 में ADAS 2.0 का एडवांस्ड सेफ्टी पैकेज दिया गया है। इस पैकेज में 27 अलग-अलग सेफ्टी और ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स शामिल हैं। इनमें 5 ऑटोनोमस फीचर्स भी हैं, जैसे जंक्शन टर्निंग असिस्ट, जंक्शन क्रॉसिंग असिस्ट और लेन चेंज असिस्ट, जो ड्राइवर और यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ाते हैं।
लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और कनेक्टिविटी
टेक्नोलॉजी के मामले में भी यह कार किसी से पीछे नहीं है। इसमें Kia Connect 2.0 फीचर दिया गया है, जो स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और कई स्मार्ट फंक्शन्स प्रदान करता है। ओवर-द-एयर (OTA) सॉफ्टवेयर अपडेट की सुविधा से कार के 34 ECU कंट्रोलर्स को रिमोटली अपडेट किया जा सकता है। डिजिटल की और अल्ट्रा वाइडबैंड टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स इसे और भी स्मार्ट बनाते हैं।
दमदार परफॉर्मेंस और लंबी रेंज
नई Kia EV6 में 84 kWh का बड़ा बैटरी पैक है, जो किआ के इलेक्ट्रिक ग्लोबल मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म (E-GMP) पर बना है। यह कार एक बार फुल चार्ज करने पर 663 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। यह 325 पीएस की पावर और 605 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करती है। साथ ही, यह अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है और 350 किलोवॉट के चार्जर से केवल 18 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है।
आकर्षक रंग विकल्प
नई Kia EV6 कुल 5 आकर्षक रंगों में उपलब्ध है: स्नो-व्हाइट पर्ल, ऑरोरा ब्लैक पर्ल, वुल्फ ग्रे, रनवे रेड और यॉट ब्लू मैट। यह नई इलेक्ट्रिक कार भारतीय बाजार में एक प्रीमियम और फीचर-लोडेड विकल्प के तौर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है।