Ryn Motors FP3: बिना किसी परेशानी के सड़क पर दौड़ेगी यह फॉर्मूला कार, रिन स्टार्टअप ने खोजा रजिस्ट्रेशन का नायाब तरीका

Ryn FP3 Three-Wheeler: Ryn Motors FP3 एक ऐसी रेस कार है जो अब सड़कों पर भी दौड़ेगी। रिन स्टार्टअप ने तीन पहियों वाले 'ऑटोसाइकिल' रजिस्ट्रेशन का नायाब जुगाड़ निकालकर इसे रोड-लीगल बनाया है। सुजुकी हायाबुसा इंजन वाली यह फॉर्मूला कार महज 2.8 सेकंड में 60 mph की रफ्तार पकड़ती है।

Update: 2026-03-25 16:28 GMT

Image Source: rynmotors.com

Ryn FP3 Three-Wheeler: दुनियाभर में रेसिंग के शौकीन अक्सर ऐसी कारों की तलाश में रहते हैं जो देखने में बिल्कुल फॉर्मूला-1 जैसी हों, लेकिन उन्हें आम सड़कों पर चलाना कानूनी रूप से बहुत मुश्किल होता है। कड़े सुरक्षा नियमों की वजह से ऐसी गाड़ियों को रोड-परमिट नहीं मिल पाता। अब अमेरिका के एक स्टार्टअप 'रिन मोटर्स' (Ryn Motors) ने इस समस्या का एक स्मार्ट समाधान निकाला है।

रिन मोटर्स कंपनी ने एक ऐसी कार तैयार की है जिसे Ryn FP3 नाम दिया गया है और यह पूरी तरह से रोड-लीगल होने का दावा करती है। Carscoops (कारस्कूप्स) के मुताबिक, इस स्टार्टअप ने रजिस्ट्रेशन के नियमों का फायदा उठाते हुए एक ऐसी तकनीक विकसित की है जिससे आप इसे अपने गैराज में पार्क कर सकेंगे।

तीन पहियों का खास रजिस्ट्रेशन प्लान

दरअसल, अमेरिका के सड़क सुरक्षा नियमों के अनुसार एक रेस कार को सड़क पर उतारना नामुमकिन जैसा है। यही वजह है कि स्टार्टअप ने एक अनोखी ट्रिक अपनाई है। जो ग्राहक FP3 को बुक करेंगे, उन्हें इसकी डिलीवरी चार के बजाय तीन पहियों वाली गाड़ी के रूप में दी जाएगी। तीन पहियों वाली गाड़ियों को वहां 'ऑटोसाइकिल' की श्रेणी में रखा जाता है, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन के नियम बहुत आसान हैं। इस सेटअप में कार के पिछले हिस्से में मोटरसाइकिल जैसा चैन-ड्राइव सिस्टम मिलता है।

दिलचस्प बात यह है कि कंपनी ने इसे इस तरह डिजाइन किया है कि ग्राहक बाद में इस थ्री-व्हीलर सेटअप को हटाकर इसे चार पहियों वाली फॉर्मूला कार में बदल सकते हैं। इससे गाड़ी को कानूनी तौर पर सड़क पर चलाने का सर्टिफिकेट भी मिल जाता है और ग्राहक का रेस कार चलाने का सपना भी पूरा हो जाता है।

इंजन और परफॉर्मेंस

पावर के मामले में इस कार को बेहद खास बनाया गया है। पहले कंपनी इसमें अप्रिलिया का इंजन लगाने वाली थी, लेकिन अब इसमें सुजुकी हायाबुसा का 1,340 सीसी वाला पावरफुल इंजन दिया जा रहा है। यह 4-सिलेंडर इंजन 10,500 आरपीएम पर 210 हॉर्सपावर की ताकत और 163 एनएम का टॉर्क देता है। इसमें 6-स्पीड ट्रांसमिशन मिलता है जो रफ्तार के शौकीनों को एक अलग अनुभव देगा।

गाड़ी का कुल वजन महज 517 किलोग्राम है क्योंकि इसकी बॉडी बनाने में हल्के फाइबरग्लास और एल्युमीनियम का इस्तेमाल हुआ है। कम वजन और दमदार इंजन की वजह से यह सिर्फ 2.8 सेकंड में 0 से 60 मील प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। रिन मोटर्स उन लोगों के लिए एक टर्बोचार्ज्ड वेरिएंट भी ला रही है, जो 290 हॉर्सपावर की जबरदस्त शक्ति देगा।

कीमत और कब मिलेगी यह गाड़ी

कीमत की बात करें तो FP3 का स्टैंडर्ड मॉडल करीब 78,499 डॉलर (लगभग 73.96 लाख रुपये) का है। वहीं, इसके टर्बो वेरिएंट के लिए ग्राहकों को 1,01,499 डॉलर (लगभग 95.64 लाख रुपये) तक चुकाने होंगे। कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है, लेकिन इसकी डिलीवरी अलग-अलग चरणों में होगी।

रिन मोटर्स कंपनी के अनुसार, 'अर्ली एक्सेस' ग्राहकों को इसकी डिलीवरी इसी साल नवंबर 2026 से मिलना शुरू हो सकती है। इसके बाद साल 2027 के मध्य और अंत तक बाकी वेरिएंट्स बाजार में आएंगे। फिलहाल इस गाड़ी पर काम चल रहा है और इसकी टेस्टिंग जारी है। हालांकि यह एक रेसिंग कार है, लेकिन कंपनी का दावा है कि इसे आम सड़कों पर चलाना भी उतना ही रोमांचक होगा। अब देखना यह है कि क्या यह प्रयोग ग्लोबल ऑटोमोबाइल मार्केट में अपनी जगह बना पाता है या नहीं।

Tags:    

Similar News