Aprilia X 250TH लिमिटेड एडिशन सुपरबाइक ग्लोबल मार्केट में हुई पेश, केवल 30 लोग ही खरीद पाएंगे
Aprilia X 250TH Limited Edition: इटालियन कंपनी Aprilia ने 240bhp वाली अपनी नई लिमिटेड एडिशन सुपरबाइक 'X 250TH' से पर्दा उठा दिया है। इस बाइक में MotoGP जैसी कार्बन ब्रेक टेक्नोलॉजी और 1099cc का V4 इंजन मिलता है। दुनिया भर में इसके सिर्फ 30 यूनिट्स ही बेचे जाएंगे, जिससे यह बेहद एक्सक्लूसिव सुपरबाइक बन गई है।
Image Source: aprilia.com
Aprilia X 250TH Limited Edition: इटालियन बाइक मेकर अप्रिलिया (Aprilia) ने अपनी नई मोटरसाइकिल Aprilia X 250TH को ग्लोबल स्तर पर पेश कर दिया है। यह एक ट्रैक-ओनली बाइक है, जिसे आम सड़कों पर नहीं चलाया जा सकेगा। दरअसल, इस मॉडल को अमेरिका के आजादी के 250 साल पूरे होने की खुशी में तैयार किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अप्रिलिया कंपनी इस मॉडल की दुनिया भर में सिर्फ 30 यूनिट्स ही बेचेगी। इनमें से 25 यूनिट्स को खास तौर पर अमेरिकी बाजार के लिए रखा गया है। यही वजह है कि इसे दुनिया की सबसे दुर्लभ बाइक्स में गिना जा रहा है।
MotoGP की टेक्नोलॉजी का हुआ इस्तेमाल
इस बाइक के डिजाइन में रेसिंग लुक देने के लिए स्टार्स एंड स्ट्राइप्स कलर स्कीम का इस्तेमाल हुआ है। लेकिन इसकी सबसे बड़ी तकनीक इसके ब्रेकिंग सिस्टम में छिपी है। कंपनी ने इसमें ब्रेम्बो कार्बन-कार्बन ब्रेक डिस्क दिए हैं, जो अब तक सिर्फ MotoGP रेस बाइक्स में ही देखे जाते थे।
पहली बार किसी ग्राहक के लिए उपलब्ध बाइक में यह फीचर दिया गया है। ये डिस्क वजन में काफी हल्की होती हैं। इनका फायदा यह है कि हाई-स्पीड और ट्रैक की तेज गर्मी के बीच भी बाइक की ब्रेकिंग परफॉरमेंस कम नहीं होती।
240bhp की ताकत और हल्का वजन
इंजन की बात करें तो Aprilia X 250TH में 1,099cc का V4 इंजन लगा है। यह इंजन 240bhp की पावर जेनरेट करता है और 14,000rpm की क्षमता के साथ आता है। इसे कंपनी की पुरानी RSV4 के मुकाबले काफी अपडेट किया गया है।
इंजन के साथ-साथ इसके वजन पर भी खास काम हुआ है। टाइटेनियम एग्जॉस्ट और ड्राई क्लच जैसे पार्ट्स की मदद से इसका कुल वजन सिर्फ 165 किलोग्राम (Dry Weight) रखा गया है। हल्के वजन और ज्यादा पावर के कारण इसकी रफ्तार काफी अधिक रहने की संभावना है।
हाई-स्पीड स्थिरता के लिए खास एरोडायनामिक्स
इस बाइक की स्थिरता के लिए इसमें कार्बन-फाइबर का एरो पैकेज दिया गया है। इसमें लगे विंगलेट्स और ग्राउंड-इफेक्ट सिस्टम बाइक को तेज मोड़ पर सड़क से चिपकाए रखते हैं। यह सिस्टम सीधे तौर पर कंपनी की RS-GP रेस बाइक से लिया गया है।
इसमें रेस-स्पेक APX ECU भी मिलता है। इसकी मदद से राइडर अपनी सुविधा के अनुसार ट्रैक्शन कंट्रोल और इंजन ब्रेकिंग जैसे फीचर्स को खुद सेट कर सकता है। इससे ट्रैक पर बाइक चलाना काफी आसान और कंट्रोल में रहता है।
क्या होगी इसकी कीमत
अमेरिकी बाजार में Aprilia X 250TH लिमिटेड एडिशन बाइक की कीमत 150,000 डॉलर यानि लगभग 1.40 करोड़ रुपये (टैक्स के बिना) रखी गई है। अब तक की जानकारी के मुताबिक, इस बाइक के साथ ग्राहकों को पैडॉक स्टैंड और टायर वार्मर जैसे जरूरी टूल्स भी दिए जाएंगे।
इस सुपरबाइक की बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि भारत में इसकी कोई यूनिट आएगी या नहीं।