गिरने का डर होगा खत्म! भारत में आया 3 पहियों वाला सेल्फ-बैलेंसिंग स्कूटर, प्री-बुकिंग हुई शुरू
iGoWise BeiGo X4 Pre-Booking Open: iGoWise का नया BeiGo X4 भारत का पहला 3-पहियों वाला सेल्फ-बैलेंसिंग इलेक्ट्रिक स्कूटर है। इसमें एंटी-टॉप्ल टेक्नोलॉजी, रिवर्स गियर और तीन राइडिंग मोड्स मिलते हैं। यह खुद को बैलेंस कर लेता है, जिससे गिरने का डर खत्म हो जाता है। कंपनी ने इसकी प्री-बुकिंग भारत में शुरू कर दी है।
iGoWise BeiGo X4 Pre-Booking Open News Hindi: बेंगलुरु के स्टार्टअप iGoWise ने भारत में एक अनोखा 3-पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटर BeiGo X4 पेश किया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि यह खुद को बैलेंस कर लेता है, जिससे गिरने का खतरा लगभग खत्म हो जाता है। कंपनी ने इसे शहरी जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया है और इसे चलाने के लिए नॉर्मल बाइक लाइसेंस ही काफी है। कंपनी ने अब इस 'मेड इन इंडिया' स्कूटर के लिए प्री-ऑर्डर लेना शुरू कर दिया है।
इंजन और परफॉर्मेंस
BeiGo X4 परफॉर्मेंस के मामले में काफी दमदार है। यह इलेक्ट्रिक ट्राइक 70 किलोमीटर प्रति घंटे (kmph) की टॉप स्पीड से चल सकता है। इसमें 80 Nm का पीक टॉर्क मिलता है, जो इसे सिर्फ 3.3 सेकंड में 0 से 30 kmph की रफ्तार देता है। राइडिंग को आसान बनाने के लिए इसमें फॉरवर्ड और रिवर्स गियर के साथ तीन राइडिंग मोड्स (स्मार्ट, सेन और स्टार्क) भी दिए गए हैं।
सेफ्टी और खास फीचर्स
इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसकी सेफ्टी है। कंपनी ने इसमें अपनी पेटेंटेड 'एंटी-टॉप्ल' टेक्नोलॉजी दी है। यह एक सेल्फ-बैलेंसिंग सिस्टम है जो स्कूटर को मोड़ पर या खराब रास्तों पर भी गिरने से बचाता है। इसे पार्क करने के लिए भी एक सामान्य बाइक जितनी ही जगह लगती है। बेहतर ब्रेकिंग के लिए इसमें ट्रिपल-डिस्क कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) दिया गया है।
कीमत और वेरिएंट्स
यह 'मेड इन इंडिया' स्कूटर वायु व्हाइट और ब्राइट सैफरन, दो रंगों में मिलेगा। कंपनी ने इसे तीन बैटरी वेरिएंट्स में पेश किया है जिनकी कीमत इस प्रकार है:
▪︎BeiGo X4 Lite (2.2kWh): ₹1,45,000
▪︎BeiGo X4 Standard (3.6kWh): ₹1,85,000
▪︎BeiGo X4 Standard (4.4kWh डुअल बैटरी): ₹1,97,000
बुकिंग और मुकाबला
iGoWise BeiGo X4 की प्री-बुकिंग कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर शुरू हो गई है। भारतीय बाजार में इसका कोई सीधा मुकाबला नहीं है, क्योंकि यह अपने सेगमेंट का अकेला प्रोडक्ट है। हालांकि, कीमत के मामले में यह Ola S1 Pro, Ather 450X और TVS iQube जैसे पॉपुलर इलेक्ट्रिक स्कूटर्स को टक्कर देगा। लेकिन इसका अनोखा डिजाइन और सेफ्टी फीचर इसे उन ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन बनाता है जो सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं।