Audi India Price Hike: 1 अप्रैल से महंगी हो जाएंगी ऑडी की सभी कारें, कंपनी ने किया 2% तक दाम बढ़ाने का ऐलान

Audi India Price Hike April 2026: लग्जरी कार कंपनी ऑडी इंडिया (Audi India) ने 1 अप्रैल 2026 से अपनी सभी गाड़ियों की कीमतें 2% तक बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने बढ़ती लागत और करेंसी रेट में बदलाव को इसकी मुख्य वजह बताया है।

Update: 2026-03-12 16:29 GMT

AI-Generated Representational Image

Audi India Price Hike April 2026: लग्जरी कार बनाने वाली कंपनी ऑडी इंडिया (Audi India) ने अपनी सभी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने जानकारी दी है कि 1 अप्रैल 2026 से उसकी पूरी मॉडल रेंज 2% तक महंगी हो जाएगी। अगर आप ऑडी की कोई भी कार खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो आपके पास पुरानी कीमतों पर बुकिंग करने के लिए केवल मार्च के आखिर तक का समय है। ऑडी के मुताबिक, इनपुट कॉस्ट (लागत) में बढ़ोतरी और विदेशी मुद्रा की दरों में उतार-चढ़ाव की वजह से यह कदम उठाना पड़ा है।

इनपुट कॉस्ट और करेंसी रेट बनी मुख्य वजह

ऑडी इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर बलबीर सिंह ढिल्लों ने बताया कि हाल के दिनों में गाड़ियों को बनाने की लागत बढ़ गई है। साथ ही करेंसी फ्लक्चुएशन (विदेशी मुद्रा की कीमतों में बदलाव) का सीधा असर कंपनी के खर्चों पर पड़ा है। ढिल्लों के अनुसार, कंपनी ने कोशिश की है कि इस बढ़ती लागत का कम से कम बोझ ग्राहकों पर डाला जाए, इसलिए केवल 2 परसेंट तक का प्राइस एडजस्टमेंट किया जा रहा है।

इन सभी मॉडल्स के बढ़ेंगे दाम

कीमतों में होने वाली यह बढ़ोतरी ऑडी की भारत में बिकने वाली सभी कारों पर लागू होगी। इसमें कंपनी की मशहूर सेडान A4, A5 और A6 शामिल हैं। इसके अलावा ऑडी की पूरी SUV रेंज जैसे Q3, Q3 Sportback, Q5, Q7 और फ्लैगशिप मॉडल Q8 के दाम भी बढ़ जाएंगे। इतना ही नहीं, कंपनी की सबसे पावरफुल कारों में से एक RS Q8 Performance की कीमत में भी इजाफा होगा। यह सभी नई दरें एक्स-शोरूम कीमतों पर आधारित होंगी।

नई Audi SQ8 की बुकिंग भी हुई शुरू

प्राइस हाइक की घोषणा के साथ ही ऑडी ने भारत में अपनी नई प्रीमियम SUV, Audi SQ8 की बुकिंग्स भी ओपन कर दी हैं। इस कार को 17 मार्च 2026 को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाना है। जो ग्राहक इस नई गाड़ी को खरीदना चाहते हैं, वे ऑडी की आधिकारिक वेबसाइट या 'myAudi Connect' ऐप के जरिए 5 लाख रुपये के टोकन अमाउंट के साथ इसे बुक कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News