गजब की खबर : 15 साल में 2 हजार गुना बढ़ी इस प्रत्याशी की संपत्ति, 22 लाख रखते हैं कैश, पत्नी भरती है 1.20 करोड़ रिटर्न…..लाखों के तो सिर्फ हाथी-घोड़े हैं इनके पास, देखें कितनी संपत्ति के मालिक हैं ‘छोटे सरकार’

Update: 2020-10-12 22:00 GMT

पटना 13 अक्टूबर 2020। बिहार में मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) का नाम बाहुबली के तौर पर लिया जाता है। उनपर 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं औऱ वह फिलहाल जेल में हैं। इस बार भी वह बिहार विधानसभा का चुनाव अपनी सीट से लड़ रहे हैं। इस बार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उन्हें टिकट दिया है।

अनंत सिंह साल 2005 से चुनाव लड़ रहे हैं। 2005 में उनके पास 3.40 लाख रुपए की संपत्ति थी। साल 2020 में अनंत सिंह की संपत्ति बढ़कर 68.55 करोड़ रुपए हो गई।अनंत सिंह ने सिर्फ अपनी प्रॉप्रटी में ही इजाफा नहीं किया है, बल्कि आपारधिक मुकदमों में भी पिछले 5 साल में दोगुने से ज्यादा का उछाल आया है। साल 2015 में अनंत सिंह के ऊपर 16 क्रिमिनल केस थे जबकि इस बार वह कुल 38 मामलों में नामजद हैं।

2015 के विधानसभा चुनाव में चुनावी हलफनामे के अनुसार अनंत सिंह के पास 28 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति थी। लेकिन 2020 के विधानसभा चुनाव में यह ढाई गुनी बढ़ गई है। अब उनकी संपत्ति 68.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।अनंत सिंह की पत्नी का नाम नीलम देवी है। उनके पास इस समय 48.64 करोड़ रुपए हैं। इसके साथ ही नीलम देवी 23.66 लाख के गोल्ड और 3.84 लाख रुपए की चांदी की भी मालकिन हैं।

कैश में हुआ भारी इजाफा
अनंत सिंह के पास कैश में भी भारी इजाफा हुआ है। 2015 के हलफनामे के अनुसार उनके पास 40,800 रुपए नगद था। जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी के पास 3, 91, 440 रुपये थे। वहीं, 2020 में अनंत सिंह के पास 50 गुना से अधिक कैश बढ़ गया है। उनके शपथ पत्र के अनुसार अनंत सिंह के पास 22 लाख 13 हजार 488 रुपये हैं। वहीं, पत्नी नीलम देवी के पास इस बार 11,83, 414 रुपये कैश हैं। हालांकि इतनी बड़ी संख्या में कैश उनके आया कहां से इसकी कोई जानकारी नहीं है। लेकिन ये इजाफा चौंकाने वाला है।

मुकदमों का जाल भी बढ़ा है
धनबल के साथ ही अनंत सिंह का बाहुबल भी बढ़ा है। 2015 के विधानसभा चुनाव में उनके ऊपर 25 से ज्यादा केस दर्ज थे। वहीं, 2020 में अनंत सिंह ने अपने चुनावी हलफनामे में 38 केस का जिक्र किया है। इससे साफ जाहिर होता है कि उनका बाहुबल भी बढ़ा है। 2019 में उनके घर से एके-47 और बम भी मिला था। उसी मामले में अनंत सिंह ने दिल्ली के कोर्ट में जाकर सरेंडर किया था। एनआईए भी उस केस की जांच कर रही है। अनंत सिंह जेल से ही नामांकन करने बाढ़ अनुमंडल मुख्यालय पहुंचे थे।

पत्नी भरती है 1.20 करोड़ से ज्यादा रिटर्न
बाहुबली विधायक अनंत सिंह से ज्यादा उनकी पत्नी नीलम देवी के पास संपत्ति है। नीलम देवी की कमाई में 2017-18 के बाद जबरदस्त इजाफा हुआ है। 2017-18 तक नीलम देवी 57 लाख 83 हजार 029 रुपये रिटर्न फाइल करती थीं। इस दौरान अनंत सिंह महज 7, 62, 991 रुपए रिटर्न के रूप में फाइल करते थे। लेकिन 2019-2020 में अनंत सिंह ने 8 लाख 86 हजार 143 रुपये रिटर्न फाइल किए हैं। जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी इस दौरान 1 करोड़ 20 लाख 30 हजार, 261 रुपये रिटर्न फाइल की है। 2017-18 से तुलना करें, तो दोगुनी रिटर्न फाइल की है। यानी 2018-20 के बीच में अनंत सिंह की संपत्ति में भारी वृद्धि हुई है। ये आंकड़े तो इसी ओर इशारा कर रहे हैं।

15 साल में 2 हजार गुना बढ़ गई संपत्ति
पिछले 15 सालों में अनंत सिंह की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है। पहली बार जब वह 2005 में विधानसभा चुनाव लड़े थे, तब उनके पास संपत्ति महज 3.40 लाख रुपये की थी। 2010 में यह बढ़ कर 38.84 लाख रुपये की हो गई। 2015 में यह 28 करोड़ के करीब पहुंची और 2020 में 68 करोड़ पार कर गया है। इससे आप सहज अंदाजा लगा सकते हैं कि अनंत सिंह की संपत्ति किस रफ्तार के साथ बढ़ी है।

 

Tags:    

Similar News