Begin typing your search above and press return to search.

सत्ता का रौब: खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बता शराबी वाहन चालक ने दिखाई धौंस, टीआई को अश्लील गालियां देते हुए दी ये धमकी...

CG News: राजधानी रायपुर में खुद को सत्ताधारी पार्टी भाजपा का मंडल अध्यक्ष बता शराबी वाहन चालक ने जमकर दबंगई दिखाई।

सत्ता का रौब: खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बता शराबी वाहन चालक ने दिखाई धौंस, टीआई को अश्लील गालियां देते हुए दी ये धमकी...
X

इमेज सोर्स- AI (प्रतीकात्मक)

By Radhakishan Sharma

रायपुर।10 मार्च 2026| राजधानी रायपुर में खुद को सत्ताधारी पार्टी भाजपा का मंडल अध्यक्ष बता शराबी वाहन चालक ने जमकर दबंगई दिखाई। ट्रैफिक टीआई के द्वारा शराब पीकर गाड़ी चलाने पर ट्रैफिक नियमों के तहत जब कार्यवाही की जा रही थी तो शराबी चालक ने खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बता शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी दे ट्रैफिक टीआई सुशील चंद्र कर्ष को वर्दी उतरवाने की धमकी दी। मामले में ट्रैफिक टीआई ने तेलीबांधा थाने में शराबी चालक विकास शुक्ला के ऊपर एफआईआर दर्ज करवाई है।

यातायात फाफाडीह प्रभारी निरीक्षक सुशील चंद्र कर्ष के द्वारा करवाई गई एफआईआर के अनुसार वे आठ मार्च को रात 10:00 बजे से 1:00 बजे तक शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही हेतु राम मंदिर के सामने तेलीबांधा में ट्रैफिक जांच कर रहे थे। उनके साथ आरक्षण अमित बंजारे और आरक्षक गोपाल सिदार मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान गाड़ी क्रमांक सीजी 07 डीडी 6532 को रोका गया। ब्रीथ एनालाइजर से चेक करने पर वाहन चालक द्वारा शराब पिए जाने की पुष्टि हुई। जिसका मौके पर पंचनामा बनाया गया है।

गाड़ी चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम विकास शुक्ला पिता ओमप्रकाश शुक्ला बताया और बाकी जानकारी देने से मना कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान विकास शुक्ला ने खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताते हुए कार्यवाही रोकने हेतु दबाव बनाकर वाद–विवाद किया और धमकाते हुए टीआई और पुलिसकर्मियों को कहा कि "तुम लोग मुझे नहीं जानते हो मैं मंडल अध्यक्ष हूं तुम लोग मेरा कार्यवाही करोगे" बोलकर धमकी दिया।

कार्यवाही आगे बढ़ने पर टीआई को अश्लील गाली–गलौज करते हुए ड्यूटी में तैनात आरक्षक अमित बंजारे का कॉलर पकड़ लिया और जान से करने की धमकी देते हुए धक्का देकर आरक्षक अमित बंजारे को सड़क पर गिरा दिया। विकास शुक्ला के द्वारा कॉलर पकड़ने से आरक्षक के शर्ट का बटन भी टूट गया और सड़क पर गिरने से उसके हाथ में चोट भी लगी। हो– हंगामे के चलते वाहन जांच भी प्रभावित हो गया और चालानी कार्यवाही भी पुलिस को स्थगित करनी पड़ी।

घटना की सूचना टीआई सुशील चंद्र कर्ष के द्वारा डीसीपी ट्रैफिक विकास कुमार को दी गई। जिस पर उन्होंने संबंधित के खिलाफ अपराध दर्ज करवाने के निर्देश दिए। जिस पर ट्रैफिक टीआई ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। घटना के संज्ञान में आते ही डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता ने तत्काल संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए। जिसके बाद आरोपी वाहन चालक विकास शुक्ला पिता ओमप्रकाश शुक्ला के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 221,132,296,351(2),115(2) के तहत एफआईआर कायम कर ली गई है।

इस मामले में एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने बताया कि "रायपुर के तेलीबाँधा क्षेत्र के राम मंदिर वीआईपी रोड के पास यातायात की चेकिंग पॉइंट लगाया गया था। इस दौरान विकास शुक्ला नामक व्यक्ति ने पुलिस जवान और अधिकारियों के बदसलूकी की, जिसके बाद आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।"

Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story