3 दुखद मौतें: कोयले से भरा ट्रेलर बाइक पर पलटा, तीन की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

इमेज सोर्स- NPG News
काेरबा।18 मार्च 2026|छत्तीसगढ़ कोरबा जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना की खबर आ रही है। कोयला लोड ट्रेलर पलट गया। इस दौरान बाइक को अपने चपेट में ले लिया। लोड ट्रेलर के नीचे दबने से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई है। गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया है।
कोरबा जिले के पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नुनेरा के पास एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दीपका से पाली जा रहे एक कोयला लोड ट्रेलर ने पाली की ओर जा रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और अचानक पलट गया। बाइक सवार तीन लोग काेयला से भरे ट्रेलर के नीचे दब गए। इसके चलते तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ओम प्रकाश 30 वर्ष, बृजपाल सिंह 25 वर्ष और मंगल सिंह 50 वर्ष सभी पोटापानी के रहने वाले थे।
ट्रेलर तेज रफ्तार से आ रहा था और अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया। हादसा इतना भयावह था, युवकों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। ट्रेलर के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन के जरिए कोयला को हटाने का काम किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।
गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, मुआवजे की रखी मांग
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए और प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को नौकरी प्रदान की जाए। विशेषकर उस संस्थान में जहां मृतक कार्यरत थे। साथ ही डूमर कछार से दीपका तक सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर निगरानी कैमरे लगाए जाएं, पूरे मार्ग पर गति अवरोधक बनाए जाएं और अधिकतम गति सीमा 40 किमी घंटा लागू की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह दर्दनाक हादसा सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर गंभीर सवाल उठाता है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।
Tags
-
Home
-
Menu
