Begin typing your search above and press return to search.

शुरू हुआ महाआंदोलन: ओवरब्रिज निर्माण को लेकर शहर बंद, चक्काजाम भी, आंदोलन में कूदे MLA

CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के नैला रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सर्वदलीय मंच के बैनर तले नगर बंद का आह्वान किया गया है।

शुरू हुआ महाआंदोलन: ओवरब्रिज निर्माण को लेकर शहर बंद, चक्काजाम भी, आंदोलन में कूदे MLA
X
By Radhakishan Sharma

जांजगीर।06 मार्च 2026|छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के नैला रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सर्वदलीय मंच के बैनर तले नगर बंद का आह्वान किया गया है। रेलवे और राज्य सरकार पर दबाव बनाने के लिए चक्का जाम भी किया जा रहा है। आंदोलन में विधायक व्यास कश्यप भी कूद गए हैं।

चेंबर ऑफ कॉमर्स, शहरवासी और विधायक व्यास कश्यप आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। नैला रेलवे फाटक पर आए दिन लगने वाले जाम से आम जनता, मरीज, विद्यार्थी, व्यापारी और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न होती है।


विधायक व्यास कश्यप ने कहा, रेलवे फाटक की समस्या लंबे समय है। शहरवासियों के अलावा क्षेत्र की जनता रेलवे फाटक के बंद होने के कारण परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार मांग और निवेदन के बावजूद रेलवे प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। जनता की समस्या को देखते हुए अब आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

आंदोलन समिति के सदस्य विवेक सिंह सिसोदिया ने कहा, आंदोलन क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के लिए किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।


ये है प्रमुख मांगे

नैला रेलवे फाटक पर रेल ओवरब्रिज का निर्माण, मिशन अस्पताल चांपा समपार पर अंडरब्रिज का निर्माण, जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और गोंडवाना एक्सप्रेस तथा साउथ बिहार एक्सप्रेस के ठहराव को सुनिश्चित करना। सुबह 6 बजे से परशुराम चौक और गायत्री मंदिर के पास आंदोलन की शुरुआत हो गई है।


Radhakishan Sharma

राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

Read MoreRead Less

Next Story