PNB के असिस्टेंट मैनेजर से जमीन बेचने के नाम पर ठग लिए 21 लाख रुपये, कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने की एफआईआर

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
कोरिया। 8 अप्रैल 2026| छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पंजाब नेशनल बैंक में पदस्थ असिस्टेंट मैनेजर से दो लोगों ने जमीन बेचने के नाम पर 21 लाख 40 हजार रुपये ठग लिए। किश्तों में रुपये लेने के बाद, जमीन की रजिस्ट्री नहीं की और मैनेजर का फोन उठा बंद कर दिया। मामले में असिस्टेंट मैनेजर ने कोरिया के सीजीएम कोर्ट में परिवाद पेश किया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
कोरिया जिले में पंजाब नेशनल बैंक में असिस्टेंट मैनेजर आशा तिग्गा मूलतः विशुनपुर की निवासी है। आशा तिग्गा की मुलाकात आरोपियों से उनके पिता का घर बनाने का ठेका लेने वाले अरविन्द तिर्की निवासी बगीचा, जशपुर एवं संजय मिंज निवासी पटपरिया अंबिकापुर से वर्ष 2023 में हुआ था।
अरविंद्र तिर्की और संजय मिंज सितंबर 2022 में आशा तिग्गा के पिता के घर गए और कहा, उनके एक कर्मचारी की ठाकुरपुर रेलवे स्टेशन के पास 70 डिसमिल जमीन है, जिसे वह रुपये की जरूरत होने के कारण बेचना चाहता है। उन्होंने 60 हजार रुपये डिसमिल में जमीन बेचना बताया। अरविंद तिर्की ने बताया कि कर्मचारी ने उसके नाम एग्रीमेंट किया है।
दोनों ने आशा तिग्गा के पिता फलजेन्स तिग्गा को जमीन दिखाई और जल्द से जल्द रजिस्ट्री कराने के लिए कहा। इसकी जानकारी फलजेंन्स ने आशा तिग्गा एवं उसकी बहन को दी। दोनों ने जमीन खरीदने के लिए हामी भर दी। दोनों बहनों ने 11 सितंबर 2023 से एक जुलाई 2024 के बीच कुल 21 लाख 40 हजार रुपये दे दिया। पैसे देने के बाद उन्होंने जमीन की रिजस्ट्री कराने के लिए कहा, लेकिन दोनों टाल मटोल करते रहे। बाद में वे फरार हो गए।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ FIR
आशा तिग्गा ने मामले की शिकायत पुलिस से की, कार्रवाई नहीं होने पर कोरिया के सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर किया। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश पर बैकुंठपुर कोतवाली ने अपराध दर्ज कर केस डायरी गांधीनगर थाना भेज दी है। मामले में गांधीनगर पुलिस ने धारा 318 (3), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
-
Home
-
Menu
