Begin typing your search above and press return to search.

CG Congress: टीम दीपक बैज में होगा बदलाव, पीसीसी से निष्क्रिय पदाधिकारी होंगे बाहर

CG Congress: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश कार्यकारिणी में बदलाव होने जा रहा है। इसके लिए माथापच्ची शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि जल्द या इसी माह नई कार्यकारिणी की सूची सामने आ जाएगी। टीम में शामिल उन कांग्रेसियों को चिन्हांकित किया जा रहा है, जो सक्रिय नहीं हैं। उन्हें सबसे पहले पीसीसी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

CG Congress: टीम दीपक बैज में होगा बदलाव, पीसीसी से निष्क्रिय पदाधिकारी होंगे बाहर
X

इमेज सोर्स- NPG News

By Anjali Vaishnav

रायपुर। 07 मार्च 2026|अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आदेश पर संगठनात्मक परिवर्तन का दौर संगठन सृजन लगभग समाप्त हो चुका है। कुछ निचले स्तर की नियुक्तियों की कवायद चल रही है और वह भी यथाशीघ्र पूरा करने का आदेश दिया जा चुका है। इस बीच संगठन से बड़ी खबर निकल कर आयी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की टीम में भी बदलाव का फैसला लिया जा चुका है। इसकी कसरत करीब एक सप्ताह से चल रही है। आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद प्रदेश की टीम को भी पुनर्गठित कर मजबूत करने की कोशिश चल रही है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि टीम में शामिल सभी लोगों के कामकाज की समीक्षा की जा रही है, इसमें से पार्टी की गतिविधियों में शामिल नहीं रहने वाले कांग्रेसियों की पहचान की जा रही है, जो केवल पद लेकर बैठे हुए हैं। इन सभी को सख्ती से पीसीसी की टीम से बाहर करने का निर्णय लिया गया है।

दीपक बैज की कार्यकारिणी में करीब 17 पद अभी खाली हैं। ये वे पद हैं, जो या तो कांग्रेस से निष्कासित कर दिए गए अथवा संगठन से इस्तीफा दे दिया गया है। कुछ पदाधिकारियों ने पार्टी छोड़ कर भाजपा का हाथ थाम लिया है। इन सभी रिक्त पदों की भी पूर्ति की जाएगी। इसके अलावा जहां जरुरत पड़ेगी, वहां पदाधिकारियों में बदलाव किया जाएगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि वास्तव में देखा जाए तो दीपक बैज की पूर्ण कार्यकारिणी का गठन अब तक नहीं हो सका है। 2018 तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाला था। फिर कांग्रेस की सरकार आने पर मोहन मरकाम को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। मरकाम के बाद दीपक बैज ने प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी संभाली है, मगर शुरू में वे कार्यकारी अध्यक्ष ही माने गए। संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के साथ अब दीपक बैज पूर्ण रूप से अध्यक्ष बन चुके हैं। इस दौरान पीसीसी की कार्यकारिणी लगभग पुरानी ही चल रही है। बीच- बीच में थोड़े- थोड़े बदलाव जरुर किए गए थे, लेकिन उसे बैज की टीम नहीं कहा जा सकता। संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब आलाकमान को विश्वास में लेकर दीपक बैज ने कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी भनक लगते ही कुछ कांग्रेसी अपने पदों के जुगाड़ के लिए सिफारिश भी लगाने लगे हैं।

पीसीसी में बड़े पद भी खाली

देखा जाए तो छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कुछ बड़े पद भी इस वक्त खाली हैं। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी रामगोपाल अग्रवाल को दी गई थी, जबकि उपाध्यक्ष के तीन पद रिक्त हैं। उपाध्यक्ष के रूप में अभी गुरुमुख सिंह होरा, प्रतिमा चंद्राकर, अरुण सिंघानिया, प्रेमचंद जायसी, बीरेश ठाकुर और जेपी श्रीवास्तव के नाम हैं। प्रभारी महामंत्री की जिम्मेदारी अभी मलकीत सिंह गैंदू देख रहे हैं। इसी तरह महामंत्री की बात करें तो यहां भी तीन पद खाली हैं। अभी महामंत्री के रूप में 19 पदाधिकारी हैं। पीसीसी में तकरीबन हर स्तर के पद रिक्त हैं। इनकी पूरी सूची बना कर खाली पदों पर नए लोगों के नामों पर विचार चल रहा है। पुनर्गठन के समय महिलाओं की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक समीकरण संतुलित रखने की कोशिश की जाएगी।

Anjali Vaishnav

अंजली वैष्णव मैंने छत्तीसगढ़ के कल्याण कॉलेज भिलाई से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म करने के बाद रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में M.sc Electronic Media की पढ़ाई की. इस दौरान मैने 2021 से TCP News, फिर TV 24 MPCG में बतौर कंटेट राइटर और बुलेटिन प्रोड्यूसर का कार्य किया, वर्तमान में मैं NPG.NEWS में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं, कंटेंट राइटिंग के साथ मुझे रिपोर्टिंग करना पसंद है.

Read MoreRead Less

Next Story