Begin typing your search above and press return to search.

CG Rajyasabha Election: कांग्रेस से राज्य सभा के लिए फूलोदेवी नेताम प्रत्याशी, सोनिया-राहुल की पसंद

CG Rajyasabha Election: आखिरकार कशमकश के बीच कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की एक सीट से वर्तमान राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम को ही फिर से भेजने का फैसला कर लिया है। अब से कुछ देर पहले दिल्ली से आए फोन ने इसकी पुष्टि कर दी है। कल पांच मार्च को फूलोदेवी नेताम नामांकन भरेंगी।

CG Rajyasabha Election: कांग्रेस से राज्य सभा के लिए फूलोदेवी नेताम प्रत्याशी, सोनिया-राहुल की पसंद
X
By Ragib Asim

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ की राज्यसभा की एक सीट के सभी दावेदारों को दरकिनार करते हुए फूलोदेवी नेताम के नाम पर मुहर लगा दी है। माना जा रहा है कि भाजपा ने अपने कोटे की एक सीट पर महिला लक्ष्मी वर्मा का नाम तय किया है, इसे देखते हुए कांग्रेस ने भी महिला को पसंद किया और इसमें भी आदिवासी कोटे से भेजने का निर्णय लिया। जबकि भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ओबीसी कोटे से हैं।

माना जा रहा है कि इस बार कांग्रेस में आदिवासी दावेदार ज्यादा थे और भाजपा के ओबीसी के जवाब में कांग्रेस ने आदिवासी कार्ड पर दांव लगा दिया। इसका कारण यह है कि छत्तीसगढ़ में बस्तर और सरगुजा की विधानसभा सीटों पर कांग्रेस इस बार पिछड़ गई है। साथ ही ओबीसी कार्ड का जवाब आदिवासी कार्ड से देने की रणनीति बनाई गई। आदिवासी वर्ग से पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री अमर जीत भगत और मोहन मरकाम भी दावेदार थे। महिला और ओबीसी वर्ग से किरणमयी नायक का नाम सामने आया था। इन सभी दावेदारों में अचानक से फूलोदेवी नेताम का नाम भारी पड़ गया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि फूलोदेवी नेताम पर प्रदेश संगठन की छत्रछाया है और इससे अधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि आलाकमान इस नाम को ही फिर से भेजने का इच्छुक था। फूलोदेवी नेताम की सोनिया गांधी और राहुल गांधी से राजनीतिक निकटता है। इससे पहले भी फूलोदेवी नेताम को कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा चुकी है। इनका वर्तमान कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म हो रहा है।

जानें फूलोदेवी को-

फूलोदेवी नेताम मूलत: कोंडागांव के नया आलोर गांव की निवासी हैं। इससे पहले उन्हें 14 सितंबर 2020 को छत्तीसगढ़ कोटे से ही राज्यसभा भेजा गया था। विशेष उल्लेखनीय है कि 25 मई 2013 को झीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में वे बाल- बाल बच गई थीं। उस हमले में दो दर्जन से अधिक कांग्रेस नेताओं की जान चली गई थी। इसमें दिग्गज नेता विद्याचरण शुक्ल, महेंद्र कर्मा, नंद कुमार पटेल भी शामिल थे। उन्हें छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का भी जिम्मा दिया जा चुका है और विधायक भी रह चुकी हैं।

छत्तीसगढ़ से अब तक के राज्य सभा सदस्य-

  • -दिलीप सिंह जूदेव, भाजपा
  • -लखीराम अग्रवाल, भाजपा
  • -भूषण लाल जांगड़े, भाजपा
  • -रामाधार कश्यप, कांग्रेस
  • -भगतराम मनहर, कांग्रेस
  • -कमला मनहर, कांग्रेस
  • -सुश्री सरोज पांडेय, भाजपा
  • -रामविचार नेताम, भाजपा
  • -फूलोदेवी नेताम, कांग्रेस
  • -मोहसिना किदवई, कांग्रेस
  • -नंदकुमार साय, भाजपा
  • -शिवप्रताप सिंह, भाजपा
  • -सुरेंद्र कुमार सिंह, कांग्रेस
  • -देवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा
  • -श्रीगोपाल व्यास, भाजपा
  • -केटीएस तुलसी, कांग्रेस
  • -छाया वर्मा, कांग्रेस,
  • -मोतीलाल वोरा, कांग्रेस

Ragib Asim

Ragib Asim is a seasoned News Editor at NPG News with 15+ years of excellence in print, TV, and digital journalism. A specialist in Bureaucracy, Politics, and Governance, he bridges the gap between traditional reporting and modern SEO strategy (8+ years of expertise). An alumnus of Jamia Millia Islamia and Delhi University, Ragib is known for his deep analytical coverage of Chhattisgarh’s MP administrative landscape and policy shifts. Contact: [email protected]

Read MoreRead Less

Next Story