बिलासपुर से दिल्ली के लिए देर शाम सीधी फ्लाइट की बनने लगी संभावना, विमानन कंपनी के सीईओ से मिले हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के प्रतिनिधि सुदीप

बिलासपुर से दिल्ली के लिए देर शाम सीधी फ्लाइट की बनने लगी संभावना, विमानन कंपनी के सीईओ से मिले हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के प्रतिनिधि सुदीप
X

इमेज सोर्स- NPG News

Bilaspur Airline News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट से नाइट लैंडिंग सुविधा प्रारंभ हो गई है। आने वाले दिनों में बिलासपुर से दिल्ली के लिए देर शाम सीधी फ्लाइट की उम्मीद बनने लगी है।

बिलासपुर। 7 अप्रैल 2026| छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट से नाइट लैंडिंग सुविधा प्रारंभ हो गई है। आने वाले दिनों में बिलासपुर से दिल्ली के लिए देर शाम सीधी फ्लाइट की उम्मीद बनने लगी है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के प्रतिनिधि व अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने मंगलवार को दिल्ली में विमानन कंपनी अलायंस एयर के सीईओ से मिलकर बातें रखी। सुदीप श्रीवास्तव ने बिलासपुर से हैदराबाद के लिए व्यवसायिक उड़ान प्रारंभ करने की मांग भी की।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति बिलासपुर के प्रतिनिधि अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने मंगलवार को अलायंस एयर के मुख्यालय जाकर एयरलाइन के सीईओ राजर्षि सेन से मुलाकात की और उनसे बिलासपुर से दिल्ली के लिए नाइट लैंडिंग अवधि के दौरान देर शाम को सीधी उड़ान देने और हैदराबाद के लिए कमर्शियल फ्लाइट शुरू करने की मांग की।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने बताया, अलायंस एयर के सीईओ राजर्षि सेन के मुलाकात के दौरान वरिष्ठ परिचालन अधिकारी रंजन दत्ता भी उपस्थित थे। सुदीप श्रीवास्तव ने राजर्षि सेन को बताया, छत्तीसगढ़ राज्य में बिलासपुर और रायपुर दो अलग-अलग प्रमुख व्यवसायिक, राजनीतिक और सामाजिक केंद्र है। राज्य निर्माण के समय रायपुर और बिलासपुर में ज्यादा अंतर नहीं था, परंतु राज्य निर्माण के पश्चात पूरा फोकस केवल राजधानी रायपुर को मिलने के कारण रायपुर की प्रगति अधिक हो गई है, जबकि प्रगति की पूरी संभावना बिलासपुर में भी मौजूद है।

बिलासपुर में छत्तीसगढ़ राज्य के 14 जिले नजदीक पड़ते हैं और मध्य प्रदेश के भी तीन जिले नजदीक है। बिलासपुर में जितनी उड़ानें बढ़ेगी उतना अधिक विकास बिलासपुर क्षेत्र का होगा। श्रीवास्तव ने हैदराबाद उड़ान की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा, स्वास्थ्य सेवाओं व शिक्षा के अलावा दक्षिण भारत के लोग बड़ी संख्या में कोरबा और बिलासपुर में निवासरत होने के कारण बिलासपुर से हैदराबाद उड़ान की भी बहुत मांग है। अगर यह उड़ान राज्य सरकार के वीजीएफ सब्सिडी से नहीं दी जा रही है तब भी इसे कमर्शियल स्तर पर शुरू करना चाहिए और ₹7000 किराए के साथ संचालित करने पर यह उड़ान सफल होगी।

अलायंस एयर सीईओ एवं अन्य अधिकारियों ने पूरी बातें ध्यान से सुनी और कहा, बिलासपुर से नाइट लैंडिंग के दौरान देर शाम को दिल्ली की उड़ान चलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। प्रयागराज की उड़ान अगर संभव हो गई तो उसके दिन भी बढ़ाए जाएंगे। जहां तक हैदराबाद उड़ान का सवाल है अभी फिलहाल जब तक राज्य सरकार इसके लिए अलग से सब्सिडी की बात नहीं करती है तब तक उपलब्ध नहीं है, परंतु आगे भविष्य में अगर संभावना बनी तो हैदराबाद भी उड़ान शुरू की जाएगी।

Tags

Next Story