लखनऊ : घर में घुसकर ट्यूशन टीचर ने छात्रा से किया कई बार रेप, प्रेग्नेंट होने पर जबरन कराया गर्भपात
Lucknow Tuition Teacher Rape Case : राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक कलयुगी ट्यूशन टीचर की हैवानियत सामने आई है, जिसने 9वीं की छात्रा के साथ महीने भर तक रेप किया. छात्रा के गर्भवती होने पर उसने जबरन दवाइयां खिलाकर उसका गर्भपात भी करा दिया. जब बच्ची की हालत बिगड़ी तब परिजनों को इस खौफनाक वारदात का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी वीर सिंह यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
लखनऊ : घर में घुसकर ट्यूशन टीचर ने छात्रा से किया कई बार रेप, प्रेग्नेंट होने पर जबरन कराया गर्भपात
Lucknow Tuition Teacher Rape Case : लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है. यहाँ एक 13 वर्षीय दलित किशोरी, जो 9वीं कक्षा में पढ़ती है, अपने ही ट्यूशन टीचर की हवस का शिकार बन गई. आरोपी शिक्षक न केवल छात्रा के साथ महीने भर तक ज्यादती करता रहा, बल्कि गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात भी करा दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
अकेलेपन का फायदा उठाकर किया दुष्कर्म
पीड़ित छात्रा का परिवार मूल रूप से बांदा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में निवास करता है. छात्रा के माता-पिता सरकारी नौकरी में हैं, जिसके कारण वो दिन में ऑफिस चले जाते थे. घर पर छात्रा की देखभाल के लिए उसकी बुजुर्ग दादी रहती थीं. आरोपी शिक्षक वीर सिंह यादव, जो बिजनौर का निवासी है, छात्रा को घर आकर ट्यूशन पढ़ाता था.
घटना की शुरुआत 22 जनवरी को हुई, जब छात्रा के माता-पिता ड्यूटी पर थे और दादी घर के बाहर धूप सेंक रही थीं. घर में छात्रा को अकेला पाकर वीर सिंह ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. जब किशोरी ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने और उसका करियर बर्बाद करने की धमकी देकर चुप करा दिया.
महीने भर तक चलता रहा प्रताड़ना का सिलसिला
पहली वारदात के बाद आरोपी के हौसले बुलंद हो गए. वह ट्यूशन पढ़ाने के बहाने रोज दोपहर में घर आता और किशोरी को ब्लैकमेल कर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा. एक महीने के भीतर उसने कई बार छात्रा की अस्मत लूटी. जुल्म की इंतहा तब हुई जब किशोरी गर्भवती हो गई. पकड़े जाने के डर से आरोपी ने छात्रा को गुमराह कर उसे गर्भपात की दवाइयां खिला दीं.
दवाइयों के कारण जब छात्रा की तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, तब परिजनों को शक हुआ. कड़ी पूछताछ के बाद पीड़िता ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई.
रसूख का रौब दिखाकर देता था धमकी
आरोपी वीर सिंह यादव खुद को राजनीतिक रूप से बहुत प्रभावशाली बताता था. वह पीड़ित परिवार पर रौब जमाने के लिए प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाता था. वह अक्सर दावा करता था कि बड़े नेताओं से उसके करीबी संबंध हैं और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा. इसी डर के कारण छात्रा लंबे समय तक खामोश रही.
पुलिस की कार्रवाई और कानूनी धाराएं
मामला संज्ञान में आते ही डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के निर्देश पर सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी वीर सिंह यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
लखनऊ में डॉक्टर ने महिला टीचर को बनाया था शिकार 17 मई 2022
राजधानी के एक रसूखदार इलाके में मई 2022 में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया था. यहाँ एक 50 साल के डॉक्टर ने अपने ही बच्चों को पढ़ाने आने वाली महिला ट्यूशन टीचर के साथ दुष्कर्म किया था. आरोपी ने धोखे से पीड़िता का वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा. इस दौरान जब महिला गर्भवती हो गई, तो डॉक्टर ने अपनी पहुँच का फायदा उठाकर उसे डराया-धमकाया और जबरन गर्भपात की दवाइयां खिला दीं. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था.
बलिया में छात्रा से दरिंदगी करने वाले शिक्षक को उम्रकैद 22 मई 2023
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक ट्यूशन टीचर की हैवानियत पर अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया था. मामला मई 2023 का है, जब मनीष पांडे नाम के एक शिक्षक ने अपने पास पढ़ने आने वाली 9वीं की छात्रा के साथ रेप किया था. आरोपी ने इस काली करतूत का वीडियो भी बना लिया था, जिसके दम पर उसने छात्रा को डराकर तीन बार अपनी हवस का शिकार बनाया था. इस मामले में पुलिस की पैरवी और सबूतों के आधार पर फरवरी 2026 में कोर्ट ने आरोपी मनीष पांडे को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.