कॉलेजों में एडमिशन का आज अंतिम दिन, दो बार बढ़ा चुके हैं तारीख, इसलिए और बढ़ने की उम्मीद कम, लेकिन इस यूनिवर्सिटी में ले सकते हैं 31 अक्टूबर तक प्रवेश

Update: 2021-10-09 02:52 GMT

बिलासपुर, 09 अक्टूबर 2021। प्रदेश के कॉलेजों में स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं में आज प्रवेश की अंतिम तिथि है तो वहीं प्रदेश की एकमात्र सरकारी सुंदर लाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी में 30 प्रतिशत सीटें खाली रहने की स्थिति में 31 अक्टूबर तक प्रवेश तिथि बढ़ा दी गई हैं। उच्च शिक्षा विभाग के अन्तर्गत नियमित होने वाले प्रदेश के शासकीय व प्राइवेट कॉलेजों में प्रवेश के लिए अंतिम तिथि पूर्व में ही दो बार बढ़ाई जा चुकी है। पिछ्ली बार 31 सितम्बर को अंतिम तिथि तय की गई थी, जिससे कि कॉलेजों में भीड़ लग गई थी और कई छात्र प्रवेश से वंचित रह गए थे। इस वजह से अंतिम तिथि को 9 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया था। अब आगे तिथि बढ़ने की संभावना इसलिए नहीं दिखती क्योंकि अगले शैक्षणिक सत्र व परीक्षाएं बाधित हो सकती हैं। कॉलेजों में सीट रिक्त रहने को भी प्रवेश तिथि बढ़ाए जाने का एक कारण माना जा सकता है। पिछली बार अंतिम तिथि को देखते हुए छात्रों को ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों में आवेदन देने की सुविधा दी गई थी। इस बार भी आवेदन ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लिए जा रहे हैं। जिन छात्रों ने ऑफलाइन मोड़ में आवेदन दिया है, उनकी प्रवृष्टि रात 12 बजे से पहले कॉलेजों को पोर्टल में दर्ज करानी होगी। ऐसा नहीं करने पर उन छात्रों का प्रवेश मान्य नहीं होगा। पिछली बार भी जब 30 सितम्बर अंतिम तिथि तय की गई थी तब भी कॉलेजों को आधी रात तक काम कर ऑनलाइन पोर्टलों में छात्रों का डेटा अपलोड करना पड़ा था और आज भी अंतिम तिथि होने के चलते वही स्थिति होगी।
दूसरी ओर प्रदेश के एकमात्र सरकारी ओपन यूनिवर्सिटी में प्रवेश की तिथि को 31 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दी गई है। दूरस्थ पद्धति से संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अब छात्र प्रवेश ले सकेंगे।अभी तक विभागों में कम एडमिशन हुए थे। यह पिछले सालों की तुलना में 30 प्रतिशत तक कम है।इसलिए छात्रों की मांग पर प्रवेश तिथि बढ़ाई गई है। स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, कम्प्यूटर साइंस तथा बी लिब के प्रथम वर्ष में छात्र प्रवेश ले सकते है। स्नातकोत्तर स्तर पर एमए अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र व शिक्षा, एमकॉम, एमएसडब्लू, एमएससी गणित में प्रवेश ले सकते हैं। पीजी डिप्लोमा इन योगा साइंस, पीजी डिप्लोमा इन गाइडेंस एन्ड काउंसलिंग, पीजी डिप्लोमा इन जर्नलिज्म एन्ड मास कम्युनिकेशन, पीजी डिप्लोमा इन लेबर ला, पीजी डिप्लोमा इन ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म एन्ड न्यूज मीडिया, पीजी डिप्लोमा इन एडवरटाइजिंग एन्ड पब्लिक रिलेशन और साइबर लॉ जैसे रोजगारपरक स्नात्कोतर डिप्लोमा के पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।

Similar News