कोरोना का खतरा बढ़ा: फिर आये 44,658 नये मामले, 496 की मौत, इन पांच राज्यों में हालात बेकाबू

Update: 2021-08-27 04:03 GMT

नईदिल्ली 27 अगस्त 2021. कोरोना वायरस के केसेज एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं और खासकर पांच राज्यों में मिल रहे नए कोरोना मरीजों ने एक बार फिर से चिंता बढ़ा दी है. इन पांच राज्यों में से भी केरल और महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे ज्यादा केस मिल रहे हैं. इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने दोनों राज्यों को नाइट कर्फ्यू लगाने पर विचार करने की सलाह दी है. बता दें कि देश में शुक्रवार को एक बार फिर से 44 हजार से ज्यादा कोरोना के नए मरीज मिले हैं और अब कोरोना से हो रही मौतों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है.

महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के पांच राज्यों – आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक की संख्या अगर एक साथ मिलाएं तो पता चलता है कि इन क्षेत्रों में प्रति मिलियन निवासियों पर औसत नए मामले 7 फीसदी (76.8 से 81.9 तक) बढ़े हैं, जो चिंता का विषय बनते जा रहे हैं. भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोनावायरस के 44,658 नये मामले दर्ज किये गये. वहीं एक दिन में इस संक्रमण की चपेट में आने से 496 और लोगों की मौत हो गयी. सबसे ज्यादा मामले केरल और महाराष्ट्र में दर्ज किये गये हैं. महाराष्ट्र में आज दूसरे दिन भी 5 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किये गये, जबकि केरल में पिछले दिनों 30 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किये गये थे.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में 32988 लोग इस बीमारी से ठीक हुए हैं. 496 और लोगों की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 4,36,861 हो गया है. देश में अब भी कोरोना के 3,44,899 एक्टिव मामले हैं. अब तक देश में कोरोना के 3,26,03,188 मामले सामने आये हैं. जबकि 3,18,21,428 लोगों ने कोरोना को मात दी है.

पूरे देश में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 61,22,08,542 वैक्सीन के डोज लगाये गये हैं. गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया कि आधे से ज्यादा योग्य आबादी को टीके की पहली खुराक लगायी जा चुकी है. पिछले 24 घंटे में 79,48,439 वैक्सीन के डोज दिये गये. कई राज्य ऐसे हैं जहां 90 फीसदी से ज्यादा आबादी को टीके की पहली डोज दी जा चुकी है.

महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना के 5,108 नये मामले सामने आये और 159 और लोगों की इस संक्रमण से मौत हो गयी. लगातार दूसरे दिन 5,000 का आंकड़ा पार हुआ है. महानगर मुंबई में सात मौतों के साथ 398 नये मामले सामने आये. राज्य का कोविड-19 टैली अब 6,442,788 तक पहुंच गया है. जबकि टोल 136,730 है. वर्तमान में राज्य भर में 50,393 सक्रिय मामले हैं. जिनमें से पुणे 13,085 के साथ सबसे ऊपर है, इसके बाद ठाणे 7,092 और सतारा 5,381 के साथ है.

केरल की बात करें तो गुरुवार को यहां कोरोना के 30,007 नये मामले सामने आयी है. इसके साथ ही यहां संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 39.13 लाख हो गयी है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में फिलहाल 4,87,246 लोगों को निगरानी में रखा गया है. इनमें से 27,425 लोग अस्पतालों में हैं. एक दिन में यहां 162 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 20,134 पर पहुंच गयी. पिछले एक सप्ताह के दौरान देश में सामने आये कोविड-19 के कुल मामलों के 58.4 प्रतिशत मामले केरल से आये हैं.

Tags:    

Similar News