YouTube का नया अपडेट: अब 27 भाषाओं में अपने आप होगी वीडियो डबिंग, जानें कैसे करेगा काम
YouTube Auto Dubbing Feature Update News: YouTube ने Auto Dubbing फीचर को 27 भाषाओं में उपलब्ध करा दिया है। इस अपडेट से वीडियो अपने आप अलग-अलग भाषाओं में सुने जा सकेंगे। दर्शक अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं। कंपनी का कहना है कि इससे दूसरी भाषाओं का कंटेंट समझना आसान होगा।
Image Source: blog.youtube
YouTube Auto Dubbing Feature Update: YouTube ने अपने प्लेटफॉर्म पर एक अहम बदलाव किया है। कंपनी ने Auto Dubbing फीचर को और ज्यादा भाषाओं के साथ उपलब्ध करा दिया है। इस अपडेट के बाद अब वीडियो अपने आप 27 अलग-अलग भाषाओं में डब हो सकेंगे। इससे दर्शकों को दूसरी भाषाओं का कंटेंट समझने में आसानी होगी और क्रिएटर्स का कंटेंट ज्यादा लोगों तक पहुंच सकेगा।
YouTube के प्रोडक्ट मैनेजर चंद्रलेखा मोटाटी (Chandralekha Motati) ने इस फीचर से जुड़ी जानकारी दी है। उनका कहना है कि Auto Dubbing को इस तरह तैयार किया गया है कि भाषा की वजह से कंटेंट देखने में कोई रुकावट न आए।
27 भाषाओं में मिलेगा Auto Dubbing का सपोर्ट
YouTube के मुताबिक Auto Dubbing फीचर अब सभी क्रिएटर्स के लिए उपलब्ध है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2025 में रोजाना औसतन 60 लाख से ज्यादा व्यूअर्स ने ऑटो डब वीडियो को कम से कम 10 मिनट तक देखा। इससे यह साफ होता है कि लोग अलग-अलग भाषाओं का कंटेंट देखने में रुचि दिखा रहे हैं।
इस फीचर के जरिए अब हिंदी, इंग्लिश, फ्रेंच, जर्मन, स्पैनिश, पुर्तगाली, इटालियन, इंडोनेशियाई सहित कई भाषाओं में वीडियो सुने जा सकेंगे। अगर कोई वीडियो किसी दूसरी भाषा में है, तो YouTube उसे अपने आप चुनी गई भाषा में डब कर देगा।
Expressive Speech से बनेगी आवाज ज्यादा नेचुरल
YouTube ने सिर्फ ट्रांसलेशन तक सीमित न रहते हुए Expressive Speech फीचर भी जोड़ा है। यह सुविधा फिलहाल 8 भाषाओं में उपलब्ध है। इसका मकसद यह है कि डब की गई आवाज में क्रिएटर की बोलने की स्टाइल और भावना बनी रहे।
अगर वीडियो में क्रिएटर सामान्य बातचीत के अंदाज में बोल रहा है, तो डबिंग भी उसी तरह सुनाई देगी। इससे आवाज मशीन जैसी न लगकर ज्यादा स्वाभाविक महसूस होगी।
व्यूअर्स खुद चुन सकेंगे भाषा
YouTube ने दर्शकों को भाषा चुनने की सुविधा भी दी है। Preferred Language सेटिंग के जरिए अब व्यूअर्स तय कर सकते हैं कि वीडियो किस भाषा में सुना जाए। अगर कोई दर्शक वीडियो को उसकी ओरिजिनल भाषा में ही देखना चाहता है, तो वह विकल्प भी मौजूद रहेगा।
हालांकि YouTube आपकी वॉच हिस्ट्री के आधार पर भाषा का सुझाव देता है, लेकिन आखिरी फैसला दर्शक का ही होगा।
Lip Sync फीचर अभी टेस्टिंग में
YouTube एक और फीचर पर काम कर रहा है, जिसे Lip Sync पायलट कहा जा रहा है। इस फीचर में वीडियो में बोलने वाले व्यक्ति के होंठों की मूवमेंट को डब की गई आवाज के साथ मैच किया जाएगा। इससे वीडियो देखने पर ऐसा लगेगा कि क्रिएटर उसी भाषा में बोल रहा है।
फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग के दौर में है और चुनिंदा वीडियो पर ही इस्तेमाल किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि आगे चलकर इसे ज्यादा लोगों के लिए उपलब्ध किया जा सकता है।
क्रिएटर्स के लिए क्या बदला
YouTube ने क्रिएटर्स के लिए भी कुछ जरूरी बदलाव किए हैं। Automatic Smart Filtering की मदद से म्यूजिक वीडियो या ऐसे वीडियो जिनमें बातचीत नहीं होती, उन्हें अपने आप पहचान लिया जाएगा और उन पर डबिंग लागू नहीं होगी।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि Auto Dubbing से वीडियो की सर्च और डिस्कवरी पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा। क्रिएटर्स चाहें तो अपनी खुद की डबिंग अपलोड कर सकते हैं या इस फीचर को बंद भी कर सकते हैं।