PayPal World से अब UPI का होगा ग्लोबल विस्तार, विदेशों में भी मिलेगा सीधा पेमेंट ऑप्शन

PayPal World 2025 News Hindi: PayPal अब भारत के UPI को अपने नए प्लेटफॉर्म "PayPal World" से जोड़ेगा, जिससे भारतीय यूजर्स विदेशों में भी UPI से पेमेंट कर सकेंगे। यह सुविधा 2025 के अंत तक शुरू होगी और ग्लोबल लेन-देन को आसान बनाएगी। छोटे व्यापारियों को भी इसका बड़ा फायदा मिलेगा।

Update: 2025-07-24 12:03 GMT

PayPal World 2025 News Hindi: डिजिटल लेन-देन की दुनिया में भारत का UPI अब ग्लोबल पेमेंट सिस्टम्स से जुड़ेगा। PayPal ने एक नया इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म “PayPal World” लॉन्च किया है, जो दुनियाभर के लोकल वॉलेट्स को आपस में जोड़ने का काम करेगा। अब भारतीय UPI यूजर विदेशों में PayPal से पेमेंट कर सकेंगे, वह भी सीधे अपने पसंदीदा UPI ऐप से। यह कदम न सिर्फ भारतीयों के लिए बड़ा मौका है, बल्कि भारतीय डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है।

PayPal World क्या है और कैसे करेगा काम?

PayPal World एक नया ग्लोबल प्लेटफॉर्म है जिसे PayPal ने तैयार किया है ताकि दुनियाभर के लोकल पेमेंट सिस्टम आपस में जुड़े जा सकें। इसमें भारत का UPI, ब्राजील का Mercado Pago, चीन का Tenpay Global और अमेरिका का Venmo जैसे डिजिटल नेटवर्क शामिल किए जा रहे हैं। यह प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ताओं को अपने स्थानीय ऐप से ही विदेशी भुगतान करने की सुविधा देगा, जिससे अलग करेंसी या पेमेंट सिस्टम की जरूरत नहीं पड़ेगी।

विदेश में ऑनलाइन खरीदारी में मिलेगा UPI का ऑप्शन

PayPal ने इस प्रक्रिया को इस तरह तैयार किया है कि भारतीय यूजर अगर किसी विदेशी वेबसाइट पर खरीदारी करते हैं और पेमेंट के लिए PayPal चुनते हैं, तो उन्हें UPI का विकल्प मिलेगा। इसके जरिए वे अपने किसी भी UPI ऐप से पेमेंट कर सकते हैं। इस व्यवस्था से इंटरनेशनल पेमेंट करना आसान हो जाएगा और अलग कार्ड या करेंसी कन्वर्जन की जरूरत नहीं पड़ेगी।

7 देशों में पहले से एक्टिव है UPI, अब और देशों की तैयारी

UPI फिलहाल यूएई, सिंगापुर, नेपाल, भूटान, श्रीलंका, फ्रांस और मॉरीशस में पहले से एक्टिव है। वहां रहने वाले भारतीय नागरिक या टूरिस्ट UPI से पेमेंट कर सकते हैं। अब भारत सरकार अफ्रीका और साउथ अमेरिका के कई देशों से भी बातचीत कर रही है, ताकि UPI को वहां भी लागू किया जा सके।

500 मिलियन+ यूजर्स के साथ UPI बना दुनिया का सबसे तेज़ ग्रोथ वाला पेमेंट सिस्टम

भारत में मई 2025 तक 500 मिलियन से अधिक UPI यूजर्स हो चुके हैं। देश के रिटेल डिजिटल पेमेंट्स में इसका हिस्सा 85% से ज्यादा है। तेज़, आसान और सिक्योर पेमेंट के चलते UPI ने न सिर्फ भारत में क्रांति लाई, बल्कि अब यह दुनिया के लिए भी एक मॉडल बन गया है। PayPal जैसे इंटरनेशनल ब्रांड के साथ इसका जुड़ना UPI को ग्लोबल पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम है।

छोटे और विदेशी व्यापारियों को भी मिलेगा सीधा लाभ

PayPal World केवल यूजर्स के लिए नहीं, बल्कि विदेशों में काम कर रहे व्यापारियों के लिए भी फायदेमंद होगा। अब वे भारतीय UPI यूजर्स से आसानी से पेमेंट स्वीकार कर सकेंगे। इससे उनके लिए एक नया डिजिटल पेमेंट विकल्प उपलब्ध होगा। यह प्लेटफॉर्म 2025 के अंत तक शुरू होने की योजना में है, और कंपनी भविष्य में अन्य देशों के स्थानीय पेमेंट सिस्टम को भी इसमें जोड़ने की तैयारी कर रही है।


Tags:    

Similar News