Chrome में आया बड़ा अपडेट! अब Split View, PDF एडिट और क्लाउड सेविंग होंगे एक साथ
Google Chrome New Features February 2026: Google Chrome के नए अपडेट में यूजर्स को Split View, PDF एडिटिंग और डायरेक्ट Google Drive सेविंग जैसे काम के फीचर्स मिल रहे हैं। अब एक ही ब्राउज़र में मल्टीटास्किंग, डॉक्यूमेंट एडिट और क्लाउड बैकअप आसानी से किया जा सकेगा, जिससे काम पहले से तेज, आसान और ज्यादा बेहतर हो जाएगा।
Image Source: blog.google
Google Chrome New Features February 2026: Google ने Chrome यूजर्स के लिए एक बड़ा अपडेट रोल आउट किया है। इस अपडेट में कंपनी ने कई नए फीचर्स दिए हैं। अब यूजर्स एक साथ दो टैब खोलकर काम कर सकते हैं। PDF फाइल में बदलाव कर सकते हैं। डॉक्यूमेंट को सीधे क्लाउड में सेव भी कर सकते हैं। कंपनी ने ये सब इसलिए किया है ताकि यूजर्स को बार-बार अलग ऐप न खोलनी पड़े। ज्यादातर काम अब ब्राउज़र में ही निपट जाएंगे।
एक स्क्रीन पर दो टैब दिखेंगे
इस अपडेट में जो सबसे काम का फीचर आया है वो Split View है। इसमें यूजर्स एक Chrome विंडो में दो टैब एक साथ खोल सकते हैं। दोनों टैब स्क्रीन पर साथ-साथ दिखेंगे। बार-बार टैब स्विच करने का झंझट खत्म हो जाएगा।
ये फीचर उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद है जो पढ़ाई करते वक्त नोट्स बनाते हैं। या फिर वीडियो देखते हुए कोई जानकारी चेक करनी हो तो काम आएगा। कोडिंग करने वालों को भी इसका फायदा मिलेगा क्योंकि वो कोड और डॉक्यूमेंट एक साथ देख पाएंगे।
PDF अब ब्राउज़र में ही एडिट होगी
Google ने Chrome के PDF Viewer को भी अपग्रेड किया है। पहले PDF सिर्फ देख सकते थे लेकिन अब उसमें बदलाव भी कर सकते हैं। टेक्स्ट हाईलाइट कर सकते हैं। नोट्स जोड़ सकते हैं। डिजिटल सिग्नेचर लगा सकते हैं। जरूरी हिस्सों को मार्क कर सकते हैं। ये सब काम सीधे ब्राउज़र में होगा। कोई अलग से ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सीधे क्लाउड में सेव होंगे डॉक्यूमेंट
एक और बड़ा फायदा यह है कि अब PDF फाइल को सीधे Google Drive में सेव किया जा सकेगा। इससे फाइल सुरक्षित रहेगी और किसी भी डिवाइस से आसानी से खोली जा सकेगी।
फाइल का बैकअप अपने आप बन जाएगा और “Saved from Chrome” नाम के अलग फोल्डर में वह सही तरीके से सेव हो जाएगी। पहले फाइल डाउनलोड करके फिर अपलोड करनी पड़ती थी, लेकिन अब यह काम काफी तेज हो गया है।
कब मिलेगा अपडेट
ये सभी फीचर्स धीरे-धीरे यूजर्स तक पहुंच रहे हैं। इन्हें इस्तेमाल करने के लिए Chrome को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करना जरूरी होगा।
Desktop और PC में ऐसे करें Chrome अपडेट
अपडेट करने के लिए अपने Desktop या PC में Chrome ब्राउज़र खोलें। इसके बाद सेटिंग में जाएं, फिर “About Chrome” पर क्लिक करें। अपडेट अपने आप डाउनलोड हो जाएगा। डाउनलोड पूरा होने के बाद ब्राउज़र को रिलॉन्च करना होगा।
नया Chrome अपडेट क्यों खास माना जा रहा है
यह अपडेट इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि अब Chrome सिर्फ ब्राउज़िंग तक सीमित नहीं रह गया है। धीरे-धीरे यह ऐसा प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है, जहां पढ़ाई, ऑफिस और रोज के डॉक्यूमेंट से जुड़े काम सीधे ब्राउज़र के अंदर ही पूरे किए जा सकेंगे।
अगर अभी तक Chrome अपडेट नहीं किया है, तो अपडेट करने के बाद ये सभी नए फीचर्स आसानी से इस्तेमाल किए जा सकते हैं।