अब 13 साल से कम उम्र के बच्चे भी चला सकेंगे WhatsApp, पेरेंट्स के पास होगा पूरा कंट्रोल
WhatsApp Parent Managed Accounts for Pre-Teens: वॉट्सऐप ने बच्चों के लिए नया 'Parent-Managed Accounts' फीचर रोल आउट किया है। अब 13 साल से कम उम्र के बच्चे भी पेरेंट्स की निगरानी में सुरक्षित तरीके से चैटिंग कर सकेंगे। इस फीचर में माता-पिता को कॉन्टैक्ट्स और प्राइवेसी मैनेज करने का पूरा कंट्रोल मिलेगा।
AI-Generated Representational Image
WhatsApp Parent Managed Accounts for Pre-Teens: अब 13 साल से कम उम्र के बच्चे भी सुरक्षित तरीके से वॉट्सऐप चला सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए 'Parent-Managed Accounts' फीचर पेश किया है, जिससे बच्चों के अकाउंट का पूरा कंट्रोल माता-पिता के हाथ में होगा। इस नए अपडेट की मदद से बच्चे परिवार और दोस्तों से जुड़े रह सकते हैं, जबकि पेरेंट्स उनकी प्राइवेसी और सुरक्षा पर पूरी नजर रख पाएंगे।
पेरेंट्स के हाथ में होगी अकाउंट की पूरी कमान
इस नए फीचर के आने के बाद अब पेरेंट्स यह तय कर पाएंगे कि उनके बच्चे किससे बात कर सकते है और कौन उन्हें मैसेज भेज सकता है। अगर कोई अनजान व्यक्ति बच्चे को मैसेज भेजने की कोशिश करता है, तो उसकी रिक्वेस्ट पहले पेरेंट के पास जाएगी। पेरेंट ही यह तय करेंगे कि बच्चे किस ग्रुप में शामिल होंगे। सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए इसमें 6-अंकों का एक 'पैरेंट पिन' (Parent PIN) दिया गया है। इस पिन के बिना बच्चे अकाउंट की किसी भी सेटिंग को नहीं बदल पाएंगे, जिससे पेरेंट्स की मर्जी के बिना कोई बदलाव मुमकिन नहीं होगा।
प्राइवेसी और सुरक्षा का रखा गया है खास ध्यान
छोटे बच्चों के लिए बनाए गए इन अकाउंट्स में सुरक्षा की कई परतें (लेयर्स) जोड़ी गई हैं। भले ही पेरेंट्स अकाउंट को मैनेज कर रहे हों, लेकिन बच्चों के मैसेज और कॉल 'एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड' रहेंगे। इसका मतलब है कि बच्चों की बातचीत को कोई तीसरा व्यक्ति, यहां तक कि खुद वॉट्सऐप भी नहीं पढ़ पाएगा। बच्चों के अकाउंट में फीचर्स को थोड़ा सीमित रखा गया है ताकि वे केवल मैसेजिंग और कॉलिंग जैसी जरूरी चीजों का ही इस्तेमाल करें। इससे बच्चे ऑनलाइन खतरों से बचे रहेंगे और सुरक्षित तरीके से डिजिटल दुनिया का अनुभव ले सकेंगे।
कैसे करें बच्चे के लिए नया वॉट्सऐप अकाउंट सेटअप
बच्चे का वॉट्सऐप अकाउंट सेटअप करना बेहद आसान है, बस आपके और बच्चे के फोन में वॉट्सऐप का लेटेस्ट वर्जन होना चाहिए। सबसे पहले बच्चे के फोन में वॉट्सऐप खोलें और 'Create a parent-managed account' का ऑप्शन चुनें। इसके बाद बच्चे का नंबर और उसकी जन्म तारीख दर्ज करें। अब आपको अपने फोन से बच्चे के फोन में दिख रहे QR कोड को स्कैन करना होगा। अपनी उम्र वेरिफाई करने के बाद 6-अंकों का एक पैरेंट पिन बनाएं। अंत में बच्चे के फोन में वही पिन डालकर सेटअप पूरा करें और बच्चे का नाम और फोटो सेट कर दें।
कब तक मिलेगा आपको यह नया अपडेट
वॉट्सऐप का यह फीचर अभी रोल आउट फेज में है, इसलिए मुमकिन है कि यह अभी सभी यूजर्स को न दिखे। यह धीरे-धीरे अलग-अलग देशों और क्षेत्रों में रिलीज किया जा रहा है। स्थानीय नियमों के हिसाब से ऐप स्टोर्स (Google Play या Apple App Store) बच्चे की उम्र की जानकारी वॉट्सऐप के साथ शेयर कर सकते हैं, जिसे आप अपनी डिवाइस सेटिंग्स में जाकर चेक कर सकते हैं। जैसे ही यह फीचर आपके क्षेत्र में उपलब्ध होगा, आप अपने बच्चों के लिए एक सुरक्षित मैसेजिंग माहौल तैयार कर पाएंगे।