ऑक्सिजन सिलेंडर तथा अन्य मेडिकल उपकरणों के लिए SECL ने दिए 25 लाख… मरीजों की बढ़ती संख्या से जिला प्रशासन ने किया था अनुरोध
रायपुर 28 अप्रैल 2021. कोरोना की दूसरी लहर में चिकित्सालयों में ऑक्सिजन सिलेंडरों की विशेष आवश्यकता आ रही है। एसईसीएल ने बिलासपुर जिले के अस्पतालों में ऑक्सिजन सिलेंडर सहित अन्य मेडिकल उपकरणों की तत्काल ख़रीद के लिए सीएसआर मद से 25 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। उक्त राशि जिला प्रशासन को दी जा रही है ।
हाल में बिलासपुर जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है तथा औसतन एक हजार से अधिक मरीज प्रतिदिन संक्रमित पाए जा रहे हैं। इस सम्बंध में जिला प्रशासन से प्राप्त अनुरोध अनुसार, जिले के चिकित्सालयों में मरीजों के भर्ती होने की संख्या में वृद्धि के कारण कोरोना उपचार हेतु आवश्यक मेडिकल उपकरणों की कमी हो रही थी। एसईसीएल द्वारा प्रदत उक्त सहायता राशि से जिले के विभिन्न चिकित्सालयों में कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए मेडिकल इक्यूपमेंट उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी।